सीमांकन से असंतुष्ट होने पर करें अपील – कलेक्टर
एसडीएम सीमांकन से असंतुष्ट किसानों के अपील प्रकरण दर्ज कर करें निराकरण – कलेक्टर
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा है कि रीवा जिले में लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। सीमांकन, बंटवारा और अविवादित नामांतरण के प्रकरण शासन द्वारा तय समय सीमा में निराकृत कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। सभी तहसीलदार और नायब तहसीलदार लंबित सीमांकन के प्रकरणों का लगातार निराकरण कर रहे हैं। यदि कोई किसान राजस्व अधिकारियों द्वारा किए गए सीमांकन से असंतुष्ट है तो वह सामान्य आवेदन देने के स्थान पर भू राजस्व संहिता के प्रावधानों के तहत एसडीएम कोर्ट में अपील प्रकरण दर्ज करे। संबंधित एसडीएम प्रकरणों की सुनवाई करके उनका निराकरण करेंगे। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित करते हुए कहा है कि सीमांकन से संतुष्ट न होने पर आवेदन देने वाले किसानों से अपील प्रकरण दर्ज कराएं। समुचित सुनवाई के बाद सीमांकन के प्रकरणों का निराकरण करें। कलेक्टर ने भू स्वामियों से अपील की है कि सीमांकन के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करें। इसके लिए जगह-जगह सामान्य आवेदन देने की आवश्यकता नहीं है। सीमांकन के प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण किया जाएगा। उससे किसान असंतुष्ट है तो एसडीएम कोर्ट में अपील कर सकता है।

