सुरक्षित एवं सुगम यातायात के लिए समन्वित कार्यवाही सुनिश्चित करें – विधायक श्री गौतम
सड़कों से अनावश्यक कट बंद करें और आवारा पशुओं को हटाएं – कलेक्टर
सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराने के लिए चलेगा विशेष अभियान
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में विधायक देवतालाब श्री गिरीश गौतम, कलेक्टर संजय कुमार जैन तथा पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन, एसडीओ पीडब्ल्यूडी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में विधायक श्री गौतम ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाएं। एंबुलेंस व पेट्रोलिंग वाहनों के चालकों, टोल प्लाजा कर्मचारियों तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े व्यक्तियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल सहायता देकर कैशलेस उपचार वाले अस्पतालों तक पहुँचाया जा सके। वर्तमान में प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत जो अस्पताल पंजीकृत हैं वह तक पहुंचाया जाए। बैठक में प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने, अधूरे नाली निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा आगामी वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कार्य प्राथमिकता से कराने पर चर्चा की गई। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। सड़कों से अनावश्यक कट बंद करने के साथ ही आवारा पशुओं को सड़कों से हटाया जाएगा। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए किसी भी चौराहे और लेफ्ट टर्न पर भारी वाहनों तथा बसों को रुकने की अनुमति कतई न दी जाए। ऐसा करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि मोड़ पर जाम और दुर्घटना की स्थिति न बने। कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने तथा नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश जारी किए गए। कलेक्टर ने कहा कि सड़कों पर बैठने वाले आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक प्रयास और नगर परिषद को निर्देश दिए गए हैं कि पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजा जाए और उनके मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने ने निर्देश दिए कि ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रेडियम स्ट्रिप लगाएं। इसके साथ ही पुलिस विभाग को हेलमेट के उपयोग और यातायात नियमों के पालन के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

