
श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने देवकली मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का किया स्थलीय निरीक्षण।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश। जिलाधिकारी
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान जनपद में आने वाले श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा तथा शांतिपूर्ण दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने देवकली मंदिर पहुंचकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर एवं आस-पास की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को निरंतर भ्रमणशील रहकर प्रत्येक व्यवस्था पर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कांवड़िये भगवान शिव के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए देवकली मंदिर पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन का सर्वोच्च दायित्व है कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि दर्शन मार्ग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण तथा कतारबद्ध दर्शन प्रणाली को पूरी सक्रियता के साथ संचालित किया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न होने पाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर परिसर एवं आस-पास के क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था निरंतर बनाए रखी जाए। श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सहायता तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर उसका तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ-साथ मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को श्रद्धालुओं के प्रति सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर में स्थापित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी दिए। प्रशासन एवं पुलिस विभाग की समन्वित एवं प्रभावी व्यवस्थाओं के परिणामस्वरूप श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में भगवान शिव के दर्शन कर श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अविनाश चन्द्र मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, उपजिलाधिकारी सदर ब्रम्हानंद,तहसीलदार सदर प्रकाश चौधरी सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।


