
जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं एकल उपयोग प्लास्टिक पर रोक थाम से संबंधित टास्क फोर्स की बैठक आहुत की गई,
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी: श्री रिची पाण्डेय, जिला पदाधिकारी, सीतामढ़ी की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं एकल उपयोग प्लास्टिक पर रोक थाम से संबंधित टास्क फोर्स की बैठक आहुत की गई, जिसमें उप विकास आयुक्त सुश्री श्वेता भारती , वन प्रमंडल अधिकारी अमिता राज ,निदेशक डीआरडीए राजेश भूषण, एवं जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति तथा एकल उपयोग प्लास्टिक पर रोकथाम से संबंधित टास्क फोर्स के अन्य सदस्यों ने बैठक में भाग लिया। जिला पदाधिकारी, सीतामढ़ी द्वारा बैठक में जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं एकल उपयोग प्लास्टिक पर रोकथाम से संबंधित टास्क फोर्स के उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।बैठक में लखनदेई नदी से संबंधित अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया। इस संबंध में नगर आयुक्त, डुमरा सीओ और अनुमंडल पदाधिकारी सदर समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करेंगे। साथ ही गंगा नदी के प्रदूषित करने वाली सीतामढ़ी से होकर बहने वाली सहायक नदियों यथा:– बागमती नदी एवं लखनदेई नदी की धारा को अवरोध रहित एवं प्रदूषण मुक्त रखते हुए सतत् प्रवाहमान बनाये रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश सभी सदस्यों को दिया गया।
जिलाधिकारी ने बैठक में बायो मेडिकल वेस्ट (चिकित्सीय अपशिष्ट) प्रबंधन को लेकर नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो नर्सिंग होम, पैथोलॉजी लैब एवं ऐसी अन्य संस्थाएं क्लिनिक बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन प्रणाली के अंतर्गत अनुबंध नहीं कराते हैं, उनके लाइसेंस तत्काल रद्द किए जाएं। जिलाधिकारी ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग को इस बाबत पूरी गंभीरता के साथ कार्य करते हुए त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
पर्यावरण संरक्षण के लिए जन सहभागिता से अधिक से अधिक पौधारोपण कराने का निर्देश भी सभी सदस्यों को दिया गया। एकल उपयोग प्लास्टिक पर रोक-थाम से संबंधित टास्क फोर्स के सदस्यों को एकल उपयोग प्लास्टिक के रोकथाम हेतु जागरुकता अभियान चलाने एवं पॉलीथीन कैरी बैग के थोक विक्रेताओं के यहाँ सघन छापेमारी कर सीतामढी जिला में एकल उपयोग प्लास्टिक पर रोकथाम को सफल बनाने हेतु हर संभव प्रयास करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने उपस्थित विभिन्न विभागों खासकर नगर निगम एवं विभिन्न नगर निकायों के पदाधिकारियों को इस आशय का सख्त निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी, सीतामढ़ी, द्वारा वायु प्रदुषण एवं ध्वनी प्रदुषण के विषयों पर भी चर्चा किया गया। अंत में पर्यावरण संबंधित सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए सभी संबंधित विभागों से किये गये कार्यों का ससमय प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया।
सभी नगर निकाय को निर्देश दिया गया कि प्लास्टिक, थर्मोकोल के साथ पान मसाला गुटखा को लेकर छापेमारी हर हाल में सुनिश्चित करें।



