स्वतंत्रता दिवस समारोह आज उमंग और हर्षोल्लास से मनाया जाएगा
स्वतंत्रता दिवस समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल करेंगे ध्वजारोहण
मुख्यमंत्री के संदेश का होगा सीधा प्रसारण
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . देशभक्ति, आन-बान-शान और राष्ट्रीय स्वाभिमान का पर्व स्वतंत्रता दिवस जिले में 15 अगस्त को उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य समारोह एसएएफ मैदान रीवा में गरिमामय और देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया जाएगा। सुबह 8.58 बजे समारोह के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल के आगमन के साथ ही समारोह का आगाज होगा, जिसके बाद पूरे जोश और सम्मान के साथ राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” की सुमधुर स्वर लहरियाँ गूंजेंगी। समारोह में मुख्य अतिथि सुबह 9 बजकर 4 मिनट पर ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान होगा और रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में लहराकर स्वतंत्रता के अमर संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण करेंगे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में सुबह 9.30 बजे मुख्यमंत्री जी के संदेश का सीधा प्रसारण होगा। इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा बधाई संदेश का वाचन किया जाएगा। हर्षफायर एवं मार्चपास्ट की प्रस्तुति सुबह 10 बजकर 5 मिनट से 10 बजकर 25 मिनट तक होगी। इसके बाद मुख्य अतिथि परेड कमाण्डर और प्लाटून कमाण्डरों से परिचय प्राप्त करेंगे। समारोह में मुख्य अतिथि सुबह 10.30 बजे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा शहीदों के परिजनों एवं लोकतंत्र के प्रहरियों को सम्मानित करेंगे। समारोह में सुबह 10.40 बजे से विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक और मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। समारोह में 11.40 बजे से पुरस्कार वितरण होगा। समारोह में सुबह 11.55 बजे से दोपहर 12 बजकर 5 मिनट तक राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान के गायन के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। मुख्य समारोह के बाद मुख्य अतिथि ग्राम सिलपरा में शासकीय स्कूल में आयोजित विशेष मध्यान्ह भोज में शामिल होंगे।



