
जन विश्वास शिविर में आम जनता को मिल रहे हैं कई लाभ – विधायक गुढ़
रायपुर कर्चुलियान जन विश्वास शिविर में आम जनता के 194 आवेदनों का हुआ निराकरण
शिविर में हर आवेदन पत्र पर समुचित कार्यवाही की जाएगी – कलेक्टर
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिले का दूसरा शिविर रायपुर कर्चुलियान में सांदीपनि विद्यालय में लगाया गया। शिविर का शुभारंभ करते हुए विधायक गुढ़ श्री नागेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आम जनता की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने तथा विभिन्न योजनाओं का लाभ देने के लिए जन विश्वास अभियान शुरू किया है। शिविर में कलेक्टर श्री सूर्यवंशी के नेतृत्व में जिला और विकासखण्ड स्तर के सभी अधिकारी आम जनता के आवेदनों में सुनवाई कर रहे हैं। पात्र हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया जा रहा है। कलेक्टर की पहल पर प्रशासन जनोन्मुखी होकर जन कल्याण के कार्य कर रहा है। इसकी चारों ओर चर्चा हो रही है। सीएम हेल्पलाइन और जन सुनवाई के आवेदनों का भी तत्परता से निराकरण किया जा रहा है। सभी अधिकारी आवेदनों में समुचित कार्यवाही करके रीवा को शिकायतों से मुक्त जिला बनाएं। शिविर में 290 आवेदन पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 194 का मौके पर निराकरण किया गया।
शिविर में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी की जन कल्याण की संकल्पना को साकार करते हुए जन विश्वास अभियान में शिविर लगाया गया है। इस शिविर में सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई के आवेदनों का निराकरण करने के साथ-साथ प्राप्त हो रहे आवेदनों का मौके पर निराकरण किया जा रहा है। जिले में प्रत्येक विकासखण्ड में क्लस्टर स्तर पर 9 जनवरी तक शिविर लगाकर लंबित आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। आम रास्ते से अतिक्रमण हटाने जैसे आवेदनों का मौके पर निराकरण किया जा रहा है। इसके साथ-साथ सभी जिला स्तरीय अधिकारी विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की मानीटरिंग कर रहे हैं तथा स्कूल, आंगनवाड़ी केन्द्र, छात्रावास, उचित मूल्य दुकान एवं अस्पतालों का निरीक्षण कर रहे हैं। शिविर में आधार कार्ड में सुधार और आयुष्मान कार्ड बनाने की भी व्यवस्था की गई है। एसडीएम मनगवां संजय जैन ने शिविर में बताया कि शिविर की तैयारियों के दौरान पिछले 10 दिनों में जनसुनवाई के 900 अधिक तथा सीएम हेल्पलाइन के 1704 आवेदनों का निराकरण किया गया है। लोक सेवा गारंटी योजना में एक भी आवेदन लंबित नहीं है। अब तक राजस्व विभाग ने 900 से अधिक तथा ग्रामीण विकास विभाग ने 300 से अधिक लंबित आवेदनों का निराकरण किया है।

शिविर में आयोजित उद्यम संवाद कार्यक्रम में महाप्रबंधक उद्योग जेपी तिवारी ने स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में विकासखण्ड के सफल स्वरोजगारी शैलेन्द्र शुक्ला ने बताया कि उन्होंने तीन करोड़ रुपए की लागत से मेडिकल कॉटन निर्माण की इकाई शुरू की है। इसमें एक करोड़ दस लाख रुपए का अनुदान मंजूर हुआ है। इकाई से 18 व्यक्तियों को रोजगार भी दिया जा रहा है।
बस से पहुंचे सभी अधिकारी – शिविर में शामिल होने के लिए कलेक्टर, वन मण्डलाधिकारी, जिला पंचायत के सीईओ तथा सभी जिला स्तरीय अधिकारी बस से रायपुर कर्चुलियान पहुंचे। शासन के निर्देशों के अनुरूप मितव्ययिता के साथ शिविर का आयोजन किया गया।
वृक्षारोपण – शिविर के शुभारंभ अवसर पर विधायक गुढ़, कलेक्टर, वन मण्डलाधिकारी तथा अन्य अधिकारियों ने सांदीपनि विद्यालय परिसर में पौधे रोपित करके पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कलेक्टर ने हर आवेदन में की सुनवाई – शिविर के दौरान कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने प्रत्येक आवेदक से उनके आवेदन पत्रों के संबंध में जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जमीन से अवैध कब्जा हटाने और आम रास्ता खुलवाने के आवेदन पर तहसीलदार तथा पटवारी पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर तीन दिन में कार्यवाही करें। कलेक्टर ने सड़कों में सुधार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, बिजली बिलों में सुधार तथा राजस्व प्रकरणों के निराकरण के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए।

हितलाभ वितरण – शिविर में सामाजिक न्याय विभाग द्वारा दिव्यांग आदर्श द्विवेदी को व्हील चेयर प्रदान की गई। शिविर में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से दो हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया। शिविर में 15 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड तथा दो हितग्राहियों को संबल योजना से अनुग्रह राशि का वितरण किया गया। शिविर में संबल कार्ड का भी वितरण किया गया। शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, उपाध्यक्ष श्री प्रणव प्रताप सिंह, जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरूकरण सिंह, वन मण्डलाधिकारी लोकेश निरापुरे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, एसडीएम गुढ़ सुधाकर सिंह, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रदीप दुबे, जिला और खण्ड स्तर के सभी अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आम जन उपस्थित रहे।



