उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए ‘लोक माता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ।

60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए ‘लोक माता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ।

रक्षाबंधन पर महिलाओं को तीन दिन निःशुल्क बस यात्रा सुविधा के शुभारंभ का कलेक्ट्रेट में हुआ सजीव प्रसारण।

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया,  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल से 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा सुविधा प्रदान करने वाली ‘लोक माता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ किया गया तथा विशेष बसों को फ्लैग ऑफ किया गया। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर माताओं, बहनों एवं बेटियों को सहयात्री सहित तीन दिनों तक निःशुल्क बस यात्रा सुविधा संबंधी कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मा0 राज्यमंत्री बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा महिला कल्याण विभाग श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, मा0 सदर विधायक श्रीमती गुड़िया कठेरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, जिलाधिकारी बृजेश कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अविनाश चंद्र, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में महिलाओं ने मुख्यमंत्री का संबोधन देखा एवं सुना।

इस अवसर पर मा0 राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर को नमन करते हुए कहा कि उनकी पावन स्मृति में प्रारंभ की गई यह योजना मातृशक्ति के सम्मान और सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सावन मास में भगवान शिव की भक्ति के साथ देशभर के प्राचीन शिव मंदिरों के जीर्णोद्धार में लोक माता अहिल्याबाई का योगदान प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। रक्षाबंधन पर तीन दिनों तक निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा केवल एक योजना नहीं, बल्कि प्रदेश की बहनों के प्रति सम्मान और अपनत्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है तथा आज महिलाएं अधिक सुरक्षित वातावरण में अपने अधिकारों के साथ आगे बढ़ रही हैं।

राज्यमंत्री ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूह, बीसी सखी, ड्रोन दीदी तथा अन्य योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और स्वावलंबन पर भी विशेष बल दे रही है तथा नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को और मजबूत करेगा। उन्होंने सभी महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

सदर विधायक श्रीमती गुड़िया कठेरिया ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने खराब मौसम के बावजूद कार्यक्रम में पहुंचीं माताओं एवं बहनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्षाबंधन पर निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा बहनों के लिए मुख्यमंत्री का विशेष उपहार है, जिससे वे अपने मायके जाकर यह पावन पर्व उल्लास पूर्वक मना सकें। उन्होंने महिलाओं से समाज में सम्मान और सुरक्षा के वातावरण को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों को तीन दिनों की निःशुल्क यात्रा सुविधा तथा वरिष्ठ महिलाओं के लिए निःशुल्क यात्रा की स्थायी व्यवस्था मातृशक्ति के प्रति सरकार की संवेदनशीलता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए अनेक प्रभावी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना तथा मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button