एसबीआई और आईआईटी जोधपुर ने फिनोवेशन 2026 के ग्रैंड फिनाले में युवा इनोवेटर्स को किया सम्मानित
पीएसबी हैकाथॉन सीरीज के दूसरे संस्करण में युवा प्रतिभाओं और बैंकिंग क्षेत्र ने डिजिटल वित्तीय धोखाधड़ी से निपटने के लिए तकनीक आधारित समाधान विकसित किए
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मुंबई महाराष्ट्र
मुंबई,: देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान जोधपुर (आईआईटी जोधपुर) के सहयोग से “फिनोवेशन” — पीएसबी हैकाथॉन सीरीज 2026 के दूसरे संस्करण का सफलतापूर्वक समापन गुरुग्राम में आयोजित भव्य सम्मान समारोह के साथ किया।
पीएसबी हैकाथॉन सीरीज वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) की एक पहल है, जिसका समन्वय भारतीय बैंक संघ (आईबीए) के साथ किया जाता है। इसका उद्देश्य युवाओं में नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा देना और उन्हें फिनटेक तथा साइबर सुरक्षा से जुड़ी मौजूदा चुनौतियों के लिए व्यावहारिक और तकनीक आधारित समाधान विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इस वर्ष एसबीआई ने आईआईटी जोधपुर परिसर में हैकाथॉन का आयोजन “एसएमएस और व्हाट्सऐप के जरिए फर्जी मोबाइल ऐप का वितरण, जिससे फिशिंग और वित्तीय धोखाधड़ी होती है” विषय पर किया। दो महीने से अधिक समय तक विभिन्न टीमों ने डिजिटल और साइबर सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान और उनके प्रोटोटाइप विकसित करने के लिए गहनता से काम किया। इस पहल ने युवा इनोवेटर्स की रचनात्मकता और तकनीकी क्षमता को बैंकिंग एवं वित्तीय क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों से जोड़ने का काम किया।
विजेताओं को 19 अगस्त 2026 को आयोजित समारोह में वित्तीय सेवा विभाग के अपर सचिव श्री देबाशीष प्रुस्टी, एसबीआई के प्रबंध निदेशक (रिटेल बिजनेस एवं ऑपरेशंस) श्री रामा मोहन राव अमारा, भारतीय बैंक संघ के श्री अतुल कुमार गोयल और आईआईटी जोधपुर की डीन ऑफ स्टूडेंट अफेयर्स डॉ. अंकिता शर्मा ने अन्य गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए वित्तीय सेवा विभाग के अपर सचिव श्री देबाशीष प्रुस्टी ने हैकाथॉन को संस्थागत रूप देने के लिए एसबीआई और आईआईटी जोधपुर की सराहना की। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को सीधे देश के वित्तीय तंत्र को मजबूत करने की दिशा में लगाना था और आज यह विचार सफल होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने एसबीआई और आईआईटी की साझेदारी को ऐसा मॉडल बताया, जिसे वित्तीय सेवा विभाग देश के सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में अपनाना चाहता है।
इस अवसर पर एसबीआई के प्रबंध निदेशक (रिटेल बिजनेस एवं ऑपरेशंस) श्री रामा मोहन राव अमारा ने कम उम्र में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि वित्तीय सेवा विभाग ने इस हैकाथॉन सीरीज को सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों तक पहुंचाने की राष्ट्रीय पहल के रूप में शुरू किया है और भारतीय बैंक संघ ने इसके प्रभावी समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि विजेता टीमें सिर्फ पुरस्कार ही नहीं, बल्कि पूरे बैंकिंग सिस्टम के भरोसे के साथ आगे बढ़ेंगी, जो उन्हें देख रहा है, उनसे सीख रहा है और उनकी सफलता की उम्मीद कर रहा है।
फिनोवेशन 2026 का सफल आयोजन यह दर्शाता है कि पीएसबी हैकाथॉन सीरीज जैसे मंच युवा प्रतिभाओं को भारत के वित्तीय क्षेत्र के सामने मौजूद वास्तविक चुनौतियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। फिनटेक और साइबर सुरक्षा जैसे समकालीन विषयों पर छात्रों और इनोवेटर्स को काम करने का अवसर देकर यह पहल नई सोच को उपयोगी समाधानों में बदलने के साथ देश के बैंकिंग तंत्र में नवाचार की संस्कृति को मजबूत करने का प्रयास कर रही है।
फिनोवेशन के दूसरे संस्करण के साथ एसबीआई उद्योग और शिक्षा जगत के बीच सहयोग को और मजबूत कर रहा है। इसका उद्देश्य भारत के युवाओं की तकनीकी क्षमता का इस्तेमाल करते हुए अधिक सुरक्षित, मजबूत और भविष्य के लिए तैयार वित्तीय तंत्र के निर्माण में तकनीक आधारित समाधानों के विकास को प्रोत्साहित करना है।

