
14 नवजात बेटियों का मनाया कन्या जन्मोत्सव
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला महिला चिकित्सालय, इटावा में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 14 नवजात कन्याओं का केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान नवजात बच्चियों को बेबी किट एवं जन्म प्रमाण पत्र तथा उनकी माताओं को ड्राईफ्रूट भेंट किए गए।
कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. पारितोष शुक्ला और जिला महिला चिकित्सालय की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सहित चिकित्सालय का स्टाफ मौजूद रहा। अधिकारियों ने नवजात कन्याओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर नवजात कन्याओं की माताओं एवं परिजनों को सुकन्या समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, जननी सुरक्षा योजना और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। परिजनों को बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर जेण्डर स्पेशलिस्ट हब के अजित कुमार दुबे ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की विस्तृत जानकारी दी तथा विभागीय योजनाओं के पंपलेट वितरित किए। कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन कार्यालय के अक्षय वर्मा, अर्चना भदौरिया, संजीव कुमार, अभिषेक वर्मा सहित अन्य कर्मचारी एवं जिला महिला चिकित्सालय का स्टाफ मौजूद रहा।

