
24 घंटे में हत्या के प्रयास के दो आरोपी गिरफ्तार, लाठी-सरिया बरामद
इटावा चौबिया थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित दो आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लाठी/डंडा और लोहे का सरिया बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर को चौबिया थाना क्षेत्र की एक महिला ने तहरीर दी थी कि 5 सितंबर को वह घर पर अकेली थी, तभी विश्वनाथ प्रताप और हरिओम उसके घर में घुसकर छेड़खानी करने लगे। महिला के पति द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड और हॉकी से उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मामले में चौबिया थाने पर मुकदमा संख्या 130/2026, धारा 74/333/109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई थी। सोमवार को पुलिस ने आपराधिक अभिसूचना के आधार पर चौपुला बंबा पुलिया के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विश्वनाथ पुत्र हजारीलाल (35) और हरिओम पुत्र हजारीलाल (30), निवासी ग्राम रम्पुरा, थाना चौबिया, इटावा के रूप में हुई है। कार्रवाई थानाध्यक्ष चौबिया उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह ने पुलिस टीम के साथ की।

