प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

मुनहाई में लोक कल्याण शिविर संपन्न

मुनहाई में लोक कल्याण शिविर संपन्न

बारह ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों की समस्याओं पर हुई सुनवाई, पात्र हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल ने ग्रामीणों से किया संवाद

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश

मऊगंज . मऊगंज जिले के मुनहाई में आयोजित लोक कल्याण शिविर में 12 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों की समस्याओं एवं मांगों पर सुनवाई की गई। शिविर में मुनहाई, जड़कुड, नकवार, बीरादेई, पिपराही, सरदमन, हर्रई प्रताप सिंह, बावनगढ़, खोढ़मानी, बलभद्रगढ़, कैलाशपुर एवं रघुनाथगढ़ ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों को दर्ज कर उनके निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं की जानकारी भी दी गई।

शिविर को संबोधित करते हुए विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल ने कहा कि मुनहाई क्षेत्र आदिवासी बहुल क्षेत्र है और इस क्षेत्र के विकास तथा ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य है कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और किसी भी पात्र परिवार को योजनाओं के लाभ से वंचित न रहना पड़े।

विधायक श्री पटेल ने कहा कि लोक कल्याण शिविर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम है। शिविर में ग्रामीणों ने रास्तों सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित अनेक समस्याएं और मांगें रखी हैं। इन समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है और संबंधित विभागों के माध्यम से नियमानुसार इनके निराकरण की कार्रवाई की जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि पिपराही में सांदीपनि स्कूल की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है और इसका कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा। इससे क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। बाणसागर का पानी क्षेत्र के खेतों तक पहुंचने से किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी और कृषि गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। श्री पटेल ने कहा कि हर घर नल योजना से घरों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही पिपराही में थाना स्थापित करने की कार्रवाई की जाएगी, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अस्पताल के उन्नयन तथा आवश्यक चिकित्सकों की पदस्थापना के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।

 

इस अवसर पर कलेक्टर संजय कुमार जैन ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं मांगों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ परीक्षण कर नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

 

कलेक्टर ने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन प्रकरणों का निराकरण मौके पर संभव है, उनका यथासंभव तत्काल निराकरण किया जाए तथा शेष प्रकरणों का संबंधित विभाग नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। लोक कल्याण शिविरों के माध्यम से प्रशासन ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझ रहा है और विभागीय स्तर पर उनके निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button