प्रशासनबिहारसीतामढ़ी

तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन को लेकर जिला पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन को लेकर जिला पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान सीतामढ़ी बिहार 

निर्वाचन कार्यक्रम जारी, 29 सितम्बर से नामांकन प्रक्रिया; 23 अक्टूबर को मतदान एवं 27 अक्टूबर को होगी मतगणना।

 

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बिहार विधान परिषद् के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन, 2026 के कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही सीतामढ़ी जिले में निर्वाचन संबंधी तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इस क्रम में जिला पदाधिकारी, सीतामढ़ी श्री तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में दिनांक 23.09.2026 को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई |

 

जिला पदाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के प्रेस नोट संख्या ECI/PN/118/2026 दिनांक 22.09.2026 के आलोक में तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन, 2026 की निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है तथा इसके साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है | निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार आयुक्त, कार्यालय, मुजफ्फरपुर में 29 सितम्बर से 06 अक्टूबर 2026 तक नामांकन दाखिल किया जाएगा। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 07 अक्टूबर को होगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 09 अक्टूबर निर्धारित है। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 08:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक कराया जाएगा। मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को होगी तथा निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 के पूर्व पूर्ण कर ली जाएगी।

 

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन की घोषणा के पश्चात बिहार विधान परिषद् के शिक्षक एवं स्नातक द्विवार्षिक निर्वाचन के दौरान शांति व्यवस्था एवं लोक व्यवस्था बनाये रखने हेतु सम्पूर्ण सीतामढ़ी जिला में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अंतर्गत निषेधाज्ञा जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही निर्वाचन कार्यो के सुगमता पूर्वक निष्पादन हेतु जिला स्तर पर विभिन्न कोषांगो का गठन कर दिया गया है।

 

 

जिला पदाधिकारी ने बताया कि सीतामढ़ी जिले में निर्वाचक सूची के अंतिम प्रकाशन दिनांक 30.12.2025 के अनुसार तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 36,986 निर्वाचक तथा तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1,684 निर्वाचक हैं। वर्तमान में निर्वाचक सूची के सतत् अद्यतीकरण की अंतिम प्रक्रिया चल रही है। इस प्रक्रिया के पूर्ण होने के बाद निर्वाचकों की अंतिम संख्या की जानकारी दी जाएगी।

 

उन्होंने बताया कि सतत् अद्यतीकरण के क्रम में तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केन्द्र संख्या 18-डुमरा एवं मतदान केन्द्र संख्या 19-रुन्नीसैदपुर में एक-एक अतिरिक्त सहायक मतदान केन्द्र बनाए जाने का प्रस्ताव है। तत्पश्चात तिरहुत स्नातक निर्वाचन के लिए कुल 38 मतदान केन्द्र (22 मूल एवं 16 सहायक मतदान केन्द्र) एवं तिरहुत शिक्षक निर्वाचन के लिए कुल 17 मतदान केन्द्र प्रस्तावित हैं।

 

बैठक में जिला पदाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सुझाव एवं विचार प्राप्त किए तथा उनके द्वारा उठाए गए बिंदुओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए प्रशासन एवं राजनीतिक दलों के बीच निरंतर समन्वय एवं सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं आदर्श आचार संहिता का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने में प्रशासन को सहयोग करने की अपेक्षा व्यक्त की, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।

 

बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनितिक दलों के जिला अध्यक्ष/प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में सहयोग का आश्वासन दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button