सेवा संकल्प अभियान में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम 26 सितम्बर से
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . जिले भर में सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 26 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास आशीष द्विवेदी ने बताया कि सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों में कार्यक्रम के आयोजन के लिए नोडल कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं। आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में आंगनवाड़ी में दर्ज बच्चों और माताओं को जन सहयोग से पोषक आहार, पठन-पाठन सामग्री तथा अन्य उपहार दिए जाएंगे। महिलाओं को स्वच्छता, समुचित पोषण, समय पर टीकाकरण आदि के संबंध में जागरूक किया जाएगा। संचालनालय से प्राप्त आडियो-विजुअल क्लिपिंग सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों में महिलाओं और बच्चों को दिखाई जाएगी। जिले में परियोजनावार तथा दिन के अनुसार आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम बनाया गया है। कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केन्द्र भवनों तथा परिसरों की साफ-सफाई और साज-सज्जा कराई जाएगी।

