
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
प्राप्त 95 प्रार्थना पत्रों में 10 का मौके पर ही कराया गया निस्तारण
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती की अध्यक्षता में सदर तहसील औरैया सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत किए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 95 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य की समस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता पूरी न करते हुए मौके पर जाकर स्थलीय सत्यापन किया जाए तथा शिकायतकर्ता को संतुष्ट करते हुए निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य को त्वरित एवं प्रभावी न्याय दिलाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की समस्याओं का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण किया जाए तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर बृहमानंद, तहसीलदार सदर, नायब तहसीलदार सदर एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।

