
कलेक्टर ने किया मऊगंज तहसील का निरीक्षण, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज / कलेक्टर संजय कुमार जैन ने मऊगंज तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर राजस्व कार्यों, लंबित प्रकरणों एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आमजन से जुड़े राजस्व प्रकरणों का संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण आबादी क्षेत्रों के सर्वे, अधिकार अभिलेख तैयार करने एवं पात्र हितग्राहियों को संपत्ति संबंधी अधिकार उपलब्ध कराने की प्रगति की भी जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्वामित्व योजना से संबंधित कार्यों में आवश्यक समन्वय रखते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि पात्र ग्रामीणों को योजना का लाभ समय पर मिल सके। कलेक्टर ने आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि नामांतरण एवं बंटवारे के प्रकरण तीन माह से अधिक लंबित नहीं रहने चाहिए। उन्होंने एक से दो वर्ष तथा दो से पांच वर्ष पुराने अभिलेख दुरुस्ती के लंबित प्रकरणों का भी प्राथमिकता से निराकरण कराने के निर्देश एसडीएम को दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग सीधे आम जन से जुड़ा है। अधिकारियों की कार्यप्रणाली का प्रभाव नागरिकों की दैनिक समस्याओं और शासन की सेवाओं तक उनकी पहुंच पर पड़ता है। इसलिए राजस्व अधिकारी पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ दायित्वों का निर्वहन करें। कलेक्टर ने पीएम किसान ई-केवाईसी एवं फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्य में तेजी लाने और पात्र किसानों से संबंधित कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी, तहसीलदार वी.के पटेल सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।