
जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में निर्वाचक नामावली के निरन्तर पुनरीक्षण के दौरान विशेष अभियान चलाए जाने के संबंध में बैठक आयोजित
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा -जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में निर्वाचक नामावली के निरन्तर पुनरीक्षण के दौरान छूटे हुए एवं प्रथम बार पात्र होने वाले युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने हेतु विशेष अभियान चलाए जाने के संबंध में समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में मतदाता सूची को अधिक समावेशी, शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी महोदय ने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे—‘No Voter to Be Left Behind’ के उद्देश्य को साकार करने के लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दल आपसी समन्वय से कार्य करें। विशेष अभियान के अंतर्गत ऐसे नागरिकों की पहचान कर उनका नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराया जाए, जो किसी कारणवश मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सके हैं अथवा जिनका नाम सूची में सम्मिलित नहीं है। विशेष रूप से युवा एवं प्रथम बार पात्र होने वाले मतदाताओं के पंजीकरण पर ध्यान दिया जाए, ताकि पात्र नागरिकों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में बताया गया कि बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा दिनांक 10 अप्रैल, 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली की तुलना विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से पूर्व अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2025 के आधार पर दिनांक 07 जनवरी, 2025 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली एवं उसकी पूरक सूचियों से की जाएगी। इस तुलनात्मक सत्यापन के माध्यम से ऐसे निर्वाचकों को चिह्नित किया जाएगा, जिनके नाम पूर्व की निर्वाचक नामावली में दर्ज थे, लेकिन वर्तमान में प्रकाशित निर्वाचक नामावली में सम्मिलित नहीं हैं। इसके उपरांत संबंधित बीएलओ घर-घर जाकर उनकी वर्तमान स्थिति का सत्यापन करेंगे तथा पात्र पाए जाने वाले नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने हेतु फॉर्म-6 भरवाने में सहायता करेंगे।
चिह्नित मतदाताओं की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के दौरान पात्र पाए जाने वाले ऐसे नागरिकों को फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने में सहायता प्रदान की जाएगी।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी महोदय ने कहा कि ऐसे युवा नागरिक, जो दिनांक 01 जनवरी, 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, उन्हें भी मतदाता पंजीकरण अभियान से जोड़ते हुए उनका नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने हेतु निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-6 भरवाया जाए। इसके साथ ही फॉर्म-6 के साथ घोषणा-पत्र (Declaration Form) संलग्न करना अनिवार्य नहीं है।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि भौतिक सत्यापन के उपरांत तैयार की गई सूचियां संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाएं, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बूथवार तैयार सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी साझा की जाएगी, जिससे छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान एवं पंजीकरण में सहयोग प्राप्त हो सके।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी महोदय ने कहा कि मतदाता पंजीकरण एक सतत प्रक्रिया है। पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए जागरूक करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए बूथ स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएं। रात्रि आश्रयों, श्रमिक बस्तियों तथा आश्रयहीन एवं वंचित वर्ग के पात्र व्यक्तियों को भी अभियान से जोड़ते हुए उनका पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी से वंचित न रहे।
बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से इस अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, जिससे निर्वाचक नामावली को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाया जा सके और प्रत्येक पात्र नागरिक को मताधिकार का अवसर प्राप्त हो। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सम्मिलित हो तथा कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे।
उक्त बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी बिपिन कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार, कृपा नारायण तिवारी भाजपा, आशुतोष दीक्षित कांग्रेस, उदयभान सिंह यादव समाजवादी पार्टी, डॉ शौकीन सिंह सी0पी0आई0, प्रदीप शाक्य बबलू समाजवादी पार्टी, प्रेम शंकर यादव सी0पी0आई, अंकुर यादव आप, सतीश नागर कांग्रेस, मुकेश कुमार अपना दल, डॉ हरिशंकर पटेल अपना दल, वीरू भदौरिया समाजवादी पार्टी, नरेंद्र जाटव बहुजन समाज पार्टी, इकरार अहमद आम आदमी पार्टी सहित समस्त राजनैतिक दल उपस्थित रहे।



