उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

विकास खण्ड औरैया की ग्राम पंचायत बमुरीपुर में जन चौपाल का आयोजन किया गया।

विकास खण्ड औरैया की ग्राम पंचायत बमुरीपुर में जन चौपाल का आयोजन किया गया।

रिपोर्ट विशाल समाचार

स्थान औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया, । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में विकास खण्ड औरैया की ग्राम पंचायत बमुरीपुर में जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण करते हुए उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत की आवश्यकतानुसार स्थलीय जांच कराते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा शिकायतकर्ताओं को की गई कार्यवाही से अवगत भी कराएं।

चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, राशन कार्ड, शौचालय निर्माण, विद्युत आपूर्ति एवं जल जीवन मिशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति एवं पात्र लाभार्थियों को मिल रहे लाभ की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं से वंचित पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कराते हुए उन्हें लाभान्वित किया जाए।

जिलाधिकारी ने जल निगम के अधिशासी अभियंता को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिला पूर्ति विभाग को पात्र लाभार्थियों तक राशन का समय से वितरण सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने ग्राम पंचायत में साफ-सफाई की व्यवस्था की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित सफाई कराने तथा गांव में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित चौपाल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर अपनी समस्याएं रखने का अवसर उपलब्ध कराना तथा संबंधित विभागों के माध्यम से उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। अधिकारी आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतों का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। चौपाल के माध्यम से जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार तथा प्रशासन और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, जिला कृषि अधिकारी, एआर कोऑपरेटिव संजीव कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी, जिला उद्यान अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं ग्रामीण आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button