
समिट एसआईएफ ने लॉन्च किया समिट एक्टिव एसेट एलोकेटर लॉन्ग-शॉर्ट फंड
एनएफओ खुलने की तारीख: 12 अक्टूबर 2026
एनएफओ बंद होने की तारीख: 26 अक्टूबर 2026
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मुंबई महाराष्ट्र
मुंबई,: समिट एसआईएफ ने आज समिट एक्टिव एसेट एलोकेटर लॉन्ग-शॉर्ट फंड लॉन्च करने की घोषणा की। यह एक इंटरवल इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजी है, जो बाजार की स्थिति के हिसाब से इक्विटी, डेट, इक्विटी और डेट डेरिवेटिव्स, इनविट्स और कमोडिटी डेरिवेटिव्स में निवेश करती है। इसमें डेरिवेटिव्स के जरिए मंजूरी प्राप्त इंस्ट्रूमेंट्स में सीमित शॉर्ट पोजीशन लेने की गुंजाइश भी है।
परंपरागत रूप से आर्बिट्राज स्ट्रैटेजी ज्यादातर कैश और फ्यूचर्स मार्केट की कीमतों के बीच के अंतर (स्प्रेड) से बनने वाले मौकों पर टिकी रही हैं। लेकिन वित्तीय बाजारों के विकास के साथ अब ऐसे मौके कई तरह के इंस्ट्रूमेंट्स, एसेट क्लास और बाजार की अलग-अलग स्थितियों में भी बन सकते हैं।
मल्टी-आर्बिट्राज की सोच पर आधारित समिट एक्टिव एसेट एलोकेटर लॉन्ग-शॉर्ट फंड का उद्देश्य एक ही पोर्टफोलियो में आर्बिट्राज के कई मौकों को जोड़ना है। स्ट्रैटेजी की नींव कोर आर्बिट्राज पर टिकी है, और इसके साथ सिंथेटिक आर्बिट्राज, इंडेक्स आर्बिट्राज, कमोडिटी आर्बिट्राज और स्पेशल सिचुएशंस में मिलने वाले अतिरिक्त मौकों के जरिए निवेश के मौकों का दायरा और बढ़ाने की कोशिश की जाएगी।
इस स्ट्रैटेजी को इस तरह तैयार किया गया है कि बाजार की दिशा पर सीमित दांव रखते हुए उपलब्ध स्प्रेड का फायदा उठाया जा सके। बाजार के अनुमानों के बजाय आर्बिट्राज के मौकों पर ध्यान देकर यह निवेशकों को मध्यम अवधि में पूंजी लगाने का एक अलग तरीका देने का प्रयास करती है। इस स्ट्रैटेजी का प्रबंधन श्री दीपक गुप्ता करेंगे और इसका बेंचमार्क 40% निफ्टी 500 टीआरआई, 40% क्रिसिल शॉर्ट टर्म बॉन्ड फंड इंडेक्स और 20% आईकॉमडेक्स कंपोजिट इंडेक्स होगा।
इस लॉन्च के मौके पर फंड मैनेजर श्री दीपक गुप्ता ने कहा, “आर्बिट्राज को अक्सर मुख्य रूप से कैश और फ्यूचर्स के बीच के स्प्रेड के नजरिए से देखा जाता है। लेकिन कीमतों में अंतर से जुड़े मौके अलग-अलग बाजारों, इंस्ट्रूमेंट्स और स्थितियों में बन सकते हैं। एसआईएफ का ढांचा हमें पारंपरिक आर्बिट्राज के साथ-साथ सिंथेटिक फ्यूचर्स, इंडेक्स, कमोडिटी और स्पेशल सिचुएशंस के जरिए ऐसे मौकों को तलाशने का व्यापक दायरा देता है।
“समिट एक्टिव एसेट एलोकेटर लॉन्ग-शॉर्ट फंड के जरिए हमारा फोकस रिटर्न के संभावित स्रोत बढ़ाने पर है, लेकिन बाजार की दिशा पर दांव लगाने को हम स्ट्रैटेजी का आधार नहीं बनाएंगे। कोर आर्बिट्राज पोर्टफोलियो की धुरी होगा, और जहां हमें आकर्षक स्प्रेड दिखेंगे, वहां हम चुनिंदा तौर पर सहायक स्ट्रैटेजी अपनाएंगे। जोखिम को लेकर अनुशासन भी उतना ही अहम है। हमारा इरादा जरूरत से ज्यादा जोखिम लिए बिना अतिरिक्त रिटर्न के मौकों का फायदा उठाने का है।”
एनएफओ के दौरान न्यूनतम निवेश राशि 10 लाख रुपये है। एक्रेडिटेड इन्वेस्टर्स (मान्यता प्राप्त निवेशकों) के लिए एनएफओ के दौरान यह राशि 1 लाख रुपये है। एसआईपी के लिए न्यूनतम आवेदन राशि 1,000 रुपये है, बशर्ते समिट एसआईएफ की सभी इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजी में कुल मिलाकर 10 लाख रुपये की निवेश सीमा बनी रहे। तीनों मामलों में न्यूनतम राशि के बाद 1 रुपये के गुणक में निवेश किया जा सकता है।
लागू एनएवी पर रोजाना निवेश किया जा सकेगा, जबकि रिडेम्पशन यानी निवेश निकालने की सुविधा हफ्ते में दो बार, सोमवार और बुधवार को मिलेगी। अगर सोमवार या बुधवार को कारोबारी दिन न हो, तो उसके ठीक बाद वाले कारोबारी दिन को रिडेम्पशन का दिन माना जाएगा। अगर यूनिट्स 30 दिन के भीतर या 30वें दिन रिडीम या स्विच आउट की जाती हैं, तो 0.50% एग्जिट लोड लगेगा। अगर यूनिट्स 30 दिन के बाद, लेकिन 60 दिन के भीतर या 60वें दिन रिडीम या स्विच आउट की जाती हैं, तो 0.25% एग्जिट लोड लगेगा। 60 दिन के बाद यूनिट्स रिडीम या स्विच आउट करने पर कोई एग्जिट लोड नहीं लगेगा।
न्यू फंड ऑफर (एनएफओ) आज (12 अक्टूबर 2026) से सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है और 26 अक्टूबर 2026 को बंद होगा।

