
पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद; आरोपी पर 12 मुकदमे दर्ज
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा,। थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस ने दतावली नहर के पास चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक 13 अक्टूबर की रात दतावली नहर के पास संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान लाखापुर कटरा की ओर से मोटरसाइकिल पर आ रहे व्यक्ति को पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। आरोप है कि पुलिस को देखकर उसने फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश उर्फ चिन्ना (28), निवासी कोकपुरा, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी, इटावा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी हिस्ट्रीशीटर HS-17B है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 12 अभियोग दर्ज हैं।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिल चोरी की है, जिसे आरोपी ने 14 मई 2026 को पीजीआई सैफई से चोरी करना स्वीकार किया है। इस संबंध में थाना सैफई में मामला दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना फ्रेंड्स कॉलोनी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।

