
धान पंजीयनों का सत्यापन करें, संदिग्ध प्रकरणों की मौके पर जांच के अपर कलेक्टर ने दिये निर्देश
100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करें – अपर कलेक्टर श्री पांडेय
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . अपर कलेक्टर पी.के. पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में धान पंजीयन सत्यापन, राजस्व प्रकरणों तथा सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि पंजीकृत किसानों का निर्धारित मापदंडों के अनुसार सत्यापन किया जाए। पहली बार पंजीयन कराने वाले किसानों, पांच हेक्टेयर से अधिक भूमि वाले किसानों, नए खसरों तथा संयुक्त खातों से संबंधित प्रकरणों की विशेष जांच करें। खेतों की वास्तविक स्थिति और सैटेलाइट से प्राप्त जानकारी में अंतर मिलने पर मौके पर जाकर सत्यापन सुनिश्चित करें। उन्होंने नामांतरण सहित सभी राजस्व प्रकरणों को आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज करने तथा तहसीलदारों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि 50 एवं 100 दिवस से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का विभागवार परीक्षण कर प्राथमिकता से निराकरण करने तथा शिकायतों के जवाब समय पर दर्ज करने को कहा। अपर कलेक्टर ने स्कूल शिक्षा, श्रम, सामाजिक न्याय, पशुपालन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं महिला बाल विकास सहित अन्य विभागों की रैंकिंग की समीक्षा करते हुए लंबित शिकायतों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जन विश्वास शिविर प्रारंभ होने से पूर्व सभी लंबित शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने तथा स्वामित्व योजना के कार्य एमपी ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा।

