महिला किसान दिवस पर महिला किसानों को किया गया सम्मानित
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी, । संयुक्त कृषि भवन, मुरादपुर डुमरा के परिसर में गुरुवार को जिला स्तरीय बासंतिक (रबी) महाभियान 2026 एवं अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान वर्ष 2026 के अवसर पर महिला किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी सीतामढ़ी एवं उप विकास आयुक्त ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित किसानों, विशेषकर महिला किसानों का उत्साहवर्धन करते हुए कृषि क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए उनकी सराहना की तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली कुछ महिला किसानों को सम्मानित किया। उप विकास आयुक्त ने भी महिला किसानों को कृषि के क्षेत्र में आगे बढ़कर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
जिलाधिकारी ने कृषि प्रसार पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि कृषि विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार्यशाला में दी जा रही जानकारी को सरल भाषा में किसानों तक पहुंचाया जाए, ताकि किसान योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों का अधिकतम लाभ उठा सकें।
जिला कृषि पदाधिकारी ने रबी मौसम में बीज वितरण, कृषि यंत्रीकरण, एग्री स्टेट परियोजना, डीसीएस कार्य, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना तथा दलहन एवं तिलहन के क्षेत्र विस्तार सहित आगामी कृषि मौसम की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय कार्यशाला के बाद प्रखंड स्तर पर रबी कार्यशालाएं तथा पंचायत स्तर पर कृषि जनकल्याण चौपाल आयोजित कर किसानों को कृषि योजनाओं एवं नवीनतम तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में जिला उद्यान पदाधिकारी, उपनिदेशक कृषि अभियंत्रण, सहायक निदेशक ईख विकास, सहायक निदेशक बीज उत्पादन एवं विपणन तथा कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक-सह-प्रधान ने भी विभागीय योजनाओं एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी।
मौके पर जिला एवं प्रखंड स्तर के कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, किसान सलाहकार सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।



