
रावण दहन पर युवाओं ने नशा छोड़ने की ली शपथ
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मुरादगंज उत्तर प्रदेश
मुरादगंज। माय भारत युवा एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में औरैया जनपद के मुरादगंज रावण मेला में रावण दहन के अवसर पर नशा मुक्ति अभियान चलाया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों और युवाओं को नशे से दूर रहने तथा समाज की बुराइयों को त्यागने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चौकी इंचार्ज विकास त्रिपाठी ने कहा कि युवाओं को नशे की लत से दूर रहना चाहिए। रावण दहन हमें बुराइयों का त्याग करने का संदेश देता है। सभी को आपसी भाईचारा कायम रखते हुए समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए आगे आना चाहिए। यही रावण दहन की सार्थकता होगी।
कार्यक्रम के आयोजक संयुक्त निदेशक अनवर वारसी ने कहा कि युवाओं को नशे जैसी बुराई से दूर रहकर सत्कर्म के मार्ग पर चलना चाहिए। रावण दहन के अवसर पर नशे का त्याग कर स्वस्थ और संस्कारयुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान नूरुद्दीन ने की। इस अवसर पर लालजी दुबे, विकास दुबे, जितेंद्र अवस्थी, सोनू दुबे, अली अकादमी के प्रबंधक शौकत अली, आदर्श कुमार, सोनू बाथम सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने नशे की लत से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
कार्यक्रम का संचालन योगाचार्य अजय राजपूत ने किया।


