
समस्त मतदेय स्थलों पर दिनांक 24 अक्टूबर 2026 दिन शनिवार को विधानसभा निर्वाचक नामावली मतदाता पंजीकरण का विशेष अभियान दिवस।
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, विशेष अभियान के सफल एवं प्रभावी संचालन के उद्देश्य से दिनांक 24 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले विशेष अभियान के संबंध में ERO एवं AERO की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट स्थित मानस सभागार आयोजित की गई।
बैठक में विशेष अभियान की तैयारियों, बूथ स्तर पर की गई व्यवस्थाओं तथा मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए प्राप्त आवेदनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए पात्र मतदाताओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उक्त के अतिरिक्त उन्होंने विशेष अभियान दिवस पर जनपद के सभी निर्धारित मतदेय स्थलों पर प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) की उपस्थित सुनिश्चित की जाए। इस दौरान प्रपत्र 6 समुचित मात्रा में उपलब्ध रहे जिससे नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कर संबंधित को उपलब्ध करा सकें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत 202-बिधूना, 203-दिबियापुर एवं 204-औरैया (अ.जा.) के मतदाताओं से अपील है कि वे विशेष अभियान दिवस का लाभ उठाएं तथा मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत करें। लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना सुनिश्चित करें तथा अपने परिवार के अन्य पात्र सदस्यों को भी इस संबंध में जागरूक करें। मतदाता सूची से संबंधित जानकारी एवं सहायता के लिए निर्वाचन हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
उक्त अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य, समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी आदि उपस्थित रहे।


