मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची का प्रकाशन, 25 अक्टूबर तक मांगी आपत्तियां
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया,। जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में मतदेय स्थलों के शत-प्रतिशत सत्यापन के बाद निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रस्तावों पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श किया गया।
इसके उपरांत लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1951 की धारा 25 के तहत जिले की 202-बिधूना, 203-दिबियापुर एवं 204-औरैया (अ.जा.) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की सूची का आलेख्य प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को कर दिया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदेय स्थलों के सम्भाजन के संबंध में यदि किसी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल के अध्यक्ष/मंत्री अथवा आमजन को कोई आपत्ति या सुझाव हो तो वह पूर्ण विवरण के साथ लिखित रूप में 25 अक्टूबर 2026 तक जिला निर्वाचन कार्यालय, औरैया में उपलब्ध करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आलेख्य प्रकाशित मतदेय स्थल सूची जिला निर्वाचन कार्यालय, समस्त तहसील कार्यालयों तथा संबंधित कार्यालय में अवलोकन के लिए उपलब्ध है। इसके अलावा सूची डीईओ पोर्टल पर “Draft List of Polling Stations-2026” के नाम से भी अपलोड की गई है। आमजन इसका निःशुल्क अवलोकन कर सकते हैं।



