
तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए प्रशासन मुस्तैद
जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित रंजन ने मतदान कर्मियों एवं प्रतिनियुक्त अधिकारियों को किया ब्रीफ
मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता, निर्वाचन नियमों का सख्ती से अनुपालन तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
बिहार विधान परिषद के 04-तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, स्वच्छ एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। निर्वाचन प्रक्रिया के सफल संचालन तथा मतदान के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आज डुमरा स्टेडियम में जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित रंजन ने प्रतिनियुक्त पीठासीन पदाधिकारियों, मतदान पदाधिकारी-1, 2 एवं 3, माइक्रो ऑब्जर्वर, पुलिस पदाधिकारियों तथा दंडाधिकारियों को ब्रीफिंग दी। इस दौरान मतदान प्रक्रिया, अधिकारियों एवं कर्मियों के दायित्वों, निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों तथा सुरक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।

मतदान प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने सभी पीठासीन पदाधिकारियों एवं मतदान कर्मियों को निर्देश दिया कि वे निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें। मतदान प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पूरी सतर्कता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखें। उन्होंने मतदान कर्मियों को अपने दायित्वों एवं कार्यप्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी रखने तथा मतदान से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का निर्धारित नियमों के अनुरूप पालन करने को कहा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की पहचान, मतदान की प्रक्रिया तथा निर्वाचन से संबंधित अन्य निर्धारित औपचारिकताओं का निर्वहन पूरी सावधानी के साथ किया जाए। मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी मतदाता को अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े। सभी मतदान कर्मी अपने निर्धारित दायित्वों के प्रति सजग रहें तथा मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आपसी समन्वय बनाए रखें।

उन्होंने सेक्टर पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने दायित्व क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहें तथा मतदान केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं का समुचित अनुश्रवण करें। मतदान के दौरान किसी प्रकार की समस्या, भ्रम अथवा असामान्य स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल वरीय पदाधिकारियों को सूचित किया जाए, ताकि त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा निर्धारित दिशा-निर्देशों की अनदेखी स्वीकार्य नहीं होगी।
जिलाधिकारी ने निर्वाचन की आदर्श आचार संहिता एवं निर्धारित नियमों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मी निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्य करें, ताकि निर्वाचन की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनी रहे।
विधि-व्यवस्था पर रहेगी कड़ी निगरानी :
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अमित रंजन ने निर्वाचन के मद्देनजर की गई सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा अपने निर्धारित दायित्वों का पूरी तत्परता से निर्वहन करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था की निगरानी करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले प्रयासों पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में अनावश्यक भीड़ एकत्रित करने अथवा समूह बनाकर खड़े होने की अनुमति नहीं होगी। निर्वाचन संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों को मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील परिस्थितियों के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहने का निर्देश दिया। साथ ही, सभी संबंधित पदाधिकारियों को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान विधि-व्यवस्था संधारित रखने को कहा।
(निर्वाचन को निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध)
जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन की तैयारियों, मतदान कर्मियों की प्रतिनियुक्ति, मतदान प्रक्रिया के संचालन तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, निष्पक्षता एवं जवाबदेही के साथ करने का निर्देश दिया गया है।

जिला प्रशासन का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को सतर्क रहते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया है।



