प्रशासनबिहारसीतामढ़ी

तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 : मतदान के दौरान शिकायतों के त्वरित निष्पादन एवं विधि-व्यवस्था की निगरानी के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित

तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 : मतदान के दौरान शिकायतों के त्वरित निष्पादन एवं विधि-व्यवस्था की निगरानी के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित

 

जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को दिए आवश्यक निर्देश

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान सीतामढ़ी बिहार 

बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत सीतामढ़ी जिले के कुल 55 मतदान केंद्रों पर 23 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 08:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक मतदान कराया जाएगा। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, मतदान कार्यों की सतत निगरानी तथा प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित विमर्श सभाकक्ष में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है।

 

इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने आज जिला नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों की ब्रीफिंग की। उन्होंने नियंत्रण कक्ष के कार्यों एवं दायित्वों की जानकारी देते हुए निर्देश दिया कि मतदान के दिन सभी संबंधित पदाधिकारी पूरी तत्परता, सजगता एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी सभी मतदान दलों, जोनल दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों के निर्धारित गंतव्य स्थलों पर सुरक्षित पहुंचने के संबंध में सूचना प्राप्त करेंगे। मतदान प्रक्रिया के दौरान विभिन्न स्तरों से प्राप्त सूचनाओं का संकलन करते हुए संबंधित पदाधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखेंगे, ताकि निर्वाचन कार्य का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि मतदान दिवस निर्वाचन की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील होता है। ऐसे में नियंत्रण कक्ष में प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत एवं सूचना पर गंभीरतापूर्वक संज्ञान लिया जाना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि दूरभाष अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों को निर्धारित पंजी में दर्ज करते हुए तत्काल संबंधित जोनल दंडाधिकारी अथवा अनुमंडल पदाधिकारी को सूचित किया जाए। साथ ही, शिकायत के निराकरण के लिए की गई कार्रवाई की निगरानी करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि उसका समाधान यथाशीघ्र हो। संबंधित पदाधिकारी से कार्रवाई एवं निराकरण के संबंध में अनुपालन प्रतिवेदन भी प्राप्त किया जाए।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति, विधि-व्यवस्था से संबंधित समस्या अथवा निर्वाचन प्रक्रिया में व्यवधान की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त कर्मी सूचनाओं के आदान-प्रदान में तत्परता बरतें तथा प्रत्येक महत्वपूर्ण सूचना एवं उस पर की गई कार्रवाई का समुचित अभिलेख संधारित करें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान समाप्त होने के बाद भी जिला नियंत्रण कक्ष की जिम्मेदारी समाप्त नहीं होगी। सभी पीठासीन पदाधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा जाएगा तथा मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत मतपेटिकाओं को निर्धारित वज्रगृह (एमआईटी, मुजफ्फरपुर) तक पहुंचाए जाने की स्थिति की निगरानी की जाएगी।

जिलाधिकारी ने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय, तत्परता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button