
तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को लेकर जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की ब्रीफिंग
शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान तथा विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा विधि-व्यवस्था संधारण के मद्देनजर आज जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी जोनल दंडाधिकारियों, उप विकास आयुक्त, सभी अपर समाहर्ताओं, सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अन्य संबंधित वरीय पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की। इस दौरान निर्वाचन की तैयारियों, मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधन तथा मतदान के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित परिस्थितियों से निपटने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें तथा अपने-अपने दायित्व क्षेत्रों में पूरी तत्परता एवं सजगता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मतदान प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखें।
उन्होंने जोनल दंडाधिकारियों को अपने निर्धारित क्षेत्रों में भ्रमणशील रहने तथा मतदान केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं का अनुश्रवण करने का निर्देश दिया। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या, शिकायत अथवा विधि-व्यवस्था से संबंधित सूचना प्राप्त होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा इसकी सूचना वरीय पदाधिकारियों को देने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में शिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं संबंधित वरीय पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहने तथा पुलिस पदाधिकारियों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना, निर्वाचन संबंधी नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करना तथा मतदाताओं को निर्बाध रूप से मतदान का अवसर उपलब्ध कराना सभी संबंधित पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने निर्देश दिया कि मतदान दलों की गतिविधियों, मतदान केंद्रों की स्थिति तथा निर्वाचन से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाओं पर लगातार नजर रखी जाए। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने की आशंका पर तत्काल निरोधात्मक एवं आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाए, ताकि मतदान प्रक्रिया बाधित न हो। सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने दायित्वों के निर्वहन में पूरी जवाबदेही बरतें और निर्वाचन कार्य से संबंधित सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन के सफल संचालन के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित निर्णय और प्रभावी अनुश्रवण आवश्यक है। सभी पदाधिकारी निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न हो।


