उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

आगरा खंड स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-2026 को सकुशल संपन्न कराने हेतु जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कलेक्ट्रेट परिसर में चुनावी टीम को दी विस्तृत ब्रीफिंग; निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के दिए कड़े निर्देश

आगरा खंड स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-2026 को सकुशल संपन्न कराने हेतु जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कलेक्ट्रेट परिसर में चुनावी टीम को दी विस्तृत ब्रीफिंग; निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के दिए कड़े निर्देश

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया,  आगरा खंड स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-2026 के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में एक वृहद संयुक्त ब्रीफिंग का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार तथा पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती द्वारा संयुक्त रूप से की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार ने सभी को स्पष्ट निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही/शिथिलता अक्षम्य होगी। उन्होंने मतदान कर्मियों को निर्देशित किया कि मतपेटी (बैलेट बॉक्स) की सुरक्षा, मतदान की गोपनीयता और पहचान पत्रों की सही जांच के नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिये कि वे अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों और मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) पर लगातार भ्रमणशील रहें ताकि जमीनी स्थिति पर नजर बनी रहे। माइक्रो ऑब्जर्वर को मतदान केंद्र के भीतर होने वाली हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने और किसी भी प्रकार की विसंगति की सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को देने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए कि सभी मतदेय स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या वाहन का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले या मतदाताओं को प्रभावित करने वाले किसी भी शरारती/अराजक तत्व के खिलाफ तत्काल और कठोरतम कानूनी कार्यवाही की जाए और सेक्टर और जोनल पुलिस अधिकारियों को अपने समकक्ष मजिस्ट्रेटों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने और हर छोटी-बड़ी घटना की रिपोर्ट कंट्रोल रूम को साझा करने की हिदायत दी।

 

 

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद में आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र-2026 हेतु 12 तथा आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-2026 हेतु 08 मतदान केन्द्र बनाये गए है, प्रत्येक मतदान केन्द्र हेतु एक-एक मतदान पार्टी को मतदान कराने हेतु नामित किया गया है। निर्वाचन को निष्पक्ष, शान्तिपूर्ण एवं निर्वघ्न सम्पन्न कराये जाने हेतु प्रत्येक तहसील हेतु एक-एक सुपर जोनल मजिस्टेट एवं जोनल मजिस्टेट नामित किये गये है, जो आवंटित क्षेत्रों और मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) पर लगातार भ्रमणशील रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उक्त के अतिरिक्त 11 सेक्टर मजिस्टेट भी नामित किए गये है और प्रत्येक बूथ पर वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। सभी पोलिंग पार्टियों को आवश्यक चुनाव सामग्री के साथ कलेक्ट्रेट परिसर से उनके निर्धारित मतदेय स्थलों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना किया गया। जिला प्रशासन ने मतदाताओं से भी अपील की है कि वे बिना किसी डर या प्रलोभन के लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा लें और शांतिपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग करें। आगामी 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले इस मतदान के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है।

इस ब्रीफिंग सत्र में चुनाव ड्यूटी में तैनात किए गए उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चन्द्र मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा सहित सभी जोनल मजिस्ट्रेट, जोनल पुलिस अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर पुलिस अधिकारी, माइक्रो ऑब्जर्वर, मतदान कर्मियों तथा पुलिस बल के जवानों ने हिस्सा लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button