
कमिश्नर ने संभाग के सभी जिलों से आए आवेदकों की शिकायतों की सुनवाई की
किसी ने सरनेम सुधारने का तो किसी ने भूमि का खसरा नक्शा सुधारने का आवेदन प्रस्तुत किया
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . आम जनों की समस्या एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए शासन के निर्देश अनुसार प्रति मंगलवार जनसुनवाई के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। कमिश्नर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में रीवा संभाग कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने संभाग के मऊगंज, रीवा, सतना, मैहर, सीधी, सिंगरौली जिले से आए आवेदकों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना और यथासंभव उनके निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जनसुनवाई में रीवा की श्रीमती सुनीता तिवारी ने कमिश्नर के समक्ष अपने प्रस्तुत आवेदन में बताया कि उनके पति डॉ. विजय कुमार तिवारी वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी के पद पर थे। जून 2026 को उनका निधन हो चुका है। उन्हें जो पीपीओ जारी किया गया था उसमें पत्नी का नाम सुनीता तिवारी की जगह सुनीता मिश्रा लिखा गया है जो कि गलत है। सर्विस बुक एवं सभी दस्तावेजों में सुनीता तिवारी नाम दर्ज है, इसके चलते बैंक से पेंशन बंद हो चुकी है। पति का नाम भी विजय तिवारी की जगह विजल तिवारी दर्ज है जो कि गलत है। उन्होंने अपना सरनेम एवं पति का नाम सुधारने की मांग की ताकि उनकी पेंशन पुनः शुरू हो सके। कमिश्नर ने संभागीय पेंशन अधिकारी एवं संयुक्त संचालक स्वास्थ्य तथा उपायुक्त राजस्व को 10 दिन में उक्त समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए और कहा कि उक्त त्रुटियों को सुधार कर आवेदक के पेंशन की पुनः बहाली की जाए। ग्राम खरा तहसील नईगढ़ी के संजय चतुर्वेदी ने बताया कि उनकी भूमि का अधिग्रहण बाणसागर अंतर्गत नईगढ़ी सूक्ष्म दबाव सिंचाई परियोजना के अंतर्गत किया गया था। अधिग्रहण के बाद शेष बची उनकी निजी भूमि को सरकारी बताकर राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। उन्होंने अपनी निजी भूमि का नक्शा खसरा सुधारने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कमिश्नर ने कलेक्टर मऊगंज को उक्त आवेदन का परीक्षण कर समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में माध्यमिक शाला कररिया तहसील सिरमौर के सहायक शिक्षक श्री लल्लू सिंह ने अपने प्रस्तुत आवेदन में बताया कि उनकी सेवा पुस्तिका की संयुक्त संचालक कोष एवं लेखा द्वारा लगातार त्रुटिपूर्ण जांच की जा रही है जिसके कारण 2006 से वह अपने बकाया स्वत्वों के लिए परेशान हैं। एरियर्स और वेतनवृद्धि से वंचित हैं। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा को उक्त आवेदन का निराकरण करने के निर्देश दिए। ग्राम गहबरा तहसील हनुमना के सेवानिवृत्त शिक्षक लोलर सिंह ने बताया कि उन्हें द्वितीय क्रमोन्नति का लाभ अब तक प्राप्त नहीं हुआ है। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा को उक्त आवेदक का निराकरण करने के निर्देश दिए। ग्राम गढ़वा तहसील हुजूर के श्याम सुंदर साकेत ने अपने पुत्र का नाम वोटलिस्ट एवं समग्र आईडी से काटने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कमिश्नर ने एसडीएम हुजूर को आवेदन का परीक्षण कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। रीवा के सुजीत कुमार गुप्ता ने अपने प्रस्तुत आवेदन में बताया कि उन्होंने बाल संप्रेक्षण गृह रीवा में बच्चों को राशन सप्लाई किया था। कुल 89 हजार 174 रुपए का भुगतान होना शेष है। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग को शासन स्तर से बजट का आवंटन प्राप्त कर आवेदक को बकाया राशि का भुगतान करने के निर्देश दिए गए। सेवानिवृत्त शिक्षक विष्णु प्रसाद मिश्रा ने अपने उपादान की राशि का भुगतान कराने एवं ग्राम हरदहन रीवा के दीनबंधु माझी ने शिक्षिका पत्नी का आकस्मिक निधन हो जाने से अब तक देय किसी भी स्वत्वों का भुगतान नहीं होने की शिकायत की। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग को उक्त आवेदनों का परीक्षण कर प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम लोही जनपद पंचायत रीवा के राकेश तिवारी ने अपने प्रस्तुत आवेदन में मांग की की वर्ष 2022 से वर्ष 2026 तक ग्राम पंचायत लोही द्वारा कराए गए कार्यों की जांच कराई जाए। कमिश्नर ने संयुक्त आयुक्त विकास को तत् संबंध में उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में पहुंचे सेवानिवृत्त प्रशिक्षण अधिकारी बालमुकुंद तिवारी ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि सेवानिवृत्ति के आठ माह बीत जाने के बाद भी उन्हें अब तक पेंशन एवं ग्रेच्युटी की राशि का भुगतान नहीं हुआ है। कमिश्नर ने संभागीय अधिकारी आईटीआई एवं संयुक्त संचालक पेंशन को उक्त आवेदक की शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए। वार्ड क्रमांक 45 कुठुलिया के विजय विश्वकर्मा ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत आबादी भूमि का पट्टा एवं स्वामित्व अधिकार प्रदान करने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कमिश्नर ने कलेक्टर रीवा को उक्त आवेदन का परीक्षण कर आवेदनकर्ता के पात्र पाए जाने पर स्वामित्व योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। जन सुनवाई में संयुक्त आयुक्त वीरेंद्र पटेल, उपायुक्त राजस्व एलएल अहिरवार, डिप्टी कमिश्नर श्रीमती दिव्या त्रिपाठी सहित सभी संभागीय अधिकारी उपस्थि
त रहे।


