
सड़कों के शेष रह गए गड्ढे ठीक करने एवं पेचवर्क का कार्य तेज गति से पूरा करें – कमिश्नर
सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने का कार्य शत-प्रतिशत पूरा करना सुनिश्चित करें
संभाग के सभी ग्राम पंचायतों में दुग्ध समितियों का गठन किया जाए
मांग के अनुरूप यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा. रीवा संभाग कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने मंगलवार को संभागीय समय सीमा की बैठक में ईई लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि वह अब तक सड़कों के शेष रह गए गड्ढों को ठीक करने एवं उनके पेचवर्क रिपेयर का कार्य तेज गति से करते हुए शीघ्र पूरा करें। चचाई एवं पूर्वाफाल सड़क की स्थिति ठीक नहीं है। उसमें सड़क में व्याप्त गड्ढों को भरने का कार्य एवं पैचवर्क का कार्य भी जल्द से जल्द पूरा किया जाए। कमिश्नर ने ब्रिज कॉर्पोरेशन अधिकारी को निर्देश दिए कि वे सिंगरौली के बरगवां आरओबी ब्रिज का निर्माण कार्य जो धीमी गति से चल रहा है उसे तेज गति से पूरा कराएं। कमिश्नर ने कहा कि धीमी गति से कार्य करने के कारण एप्रोच रोड में आने-जाने वाले लोगों को रास्ता बंद होने के चलते परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने धीमी गति से कार्य करने वाले ठेकेदार को नोटिस देकर जल्द से जल्द आरओबी का कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए और कहा कि अगली बैठक में उन्हें कार्य प्रगति की जानकारी से अवगत कराया जाए। कमिश्नर ने रीवा-हनुमना रोड के गड्ढों को ठीक करने एवं पैचवर्क रिपेयर का कार्य करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने पीआईयू के अधिकारी को निर्देश दिए कि वह संभाग में जिन-जिन स्थानों पर सांदीपनि विद्यालय बना रहे हैं वहां पर ड्राइंग और डिजाइन का विशेष तौर पर ध्यान रखते हुए कक्षाओं के ब्लैक बोर्ड एक समान ऊंचाई पर ही बनाएं। कमिश्नर ने इस बात पर सख्त नाराजगी जाहिर की की वर्तमान में सांदीपनि स्कूलों में ब्लैक बोर्ड समान ऊंचाई से अधिक हाइट पर बनाए गए हैं जिससे शिक्षकों को ब्लैक बोर्ड में लिखने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। कमिश्नर ने सांदीपनि स्कूल के स्टाफ के लिए पृथक से वॉशरूम और शेडयुक्त वाहन पार्किंग स्थल बनाने के निर्देश दिए और कहा कि संदीपनि स्कूलों में जो भी कार्य किया जाए वह गुणवत्तापूर्ण किया जाए। सामग्री उपयुक्त न होने पर उससे निर्माण कार्य न करें।
कमिश्नर ने संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि वह विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने का कार्य जल्द से जल्द पूरा करें। इसके लिए स्कूल के प्राचार्यों की बैठक लेकर उन्हें अपार आईडी बनाने के लिए प्रेरित किया जाए। कमिश्नर ने सभी जिलों के स्कूलों में संचालित जेईई और नीट की क्लासेस के संबंध में आवश्यक जानकारी लेते हुए निर्देश दिए की जिस जिले के जिला शिक्षा अधिकारी एवं स्कूलों के प्राचार्य जेईई और नीट की क्लास संचालित करने में लापरवाही बरत रहे हैं उन पर संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग प्रभावशील कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने बैठक में पाठ्य पुस्तक वितरण के संबंध में भी जानकारी ली। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक पशुपालन एवं पशु चिकित्सा सेवाएं को निर्देश दिए कि वह रीवा संभाग के सभी जिलों की 2245 ग्राम पंचायतों में दुग्ध उत्पादन समितियों का गठन करना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने कहा कि समितियों का गठन करने में यदि जिलों में पदस्थ उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं लापरवाही बरत रहे हैं तो उन पर प्रभावशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ।
कमिश्नर ने संयुक्त संचालक कृषि को निर्देश दिए कि वह मांग के अनुसार यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित करें। सभी जिलों से मांग का आकलन कर तदनुसार यूरिया की उपलब्धता बनाए रखें। साथ ही यूरिया का वितरण भी सतत रूप से करते रहें। उन्होंने एनपीके की उपलब्धता एवं यूरिया के उठाव के संबंध में भी आवश्यक जानकारी ली। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन को निर्देश दिए कि चित्रकूट में भारी बारिश से विगत माह जिन सड़कों एवं घाटो को क्षति पहुंची थी एवं सभी जगह कचरा एवं गाद इकट्ठा हो गया था उसका उठाव करना सुनिश्चित करें। चित्रकूट के सभी घाटो एवं सड़कों को पुनः साफ एवं स्वच्छ बनाएं।
कमिश्नर ने सभी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने अपने अधीनस्थ जिलों में विभाग द्वारा जो कार्य किए जा रहे हैं उसका तुलनात्मक चार्ट बनाकर व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर करें। कमिश्नर ने इस काम में लापरवाही बरतने पर महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य विभाग के अधिकारियों को हिदायत दी की वे उक्त कार्य में लापरवाही न बरतें एवं व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से विभाग की तुलनात्मक जानकारी प्रस्तुत करें। कमिश्नर ने विद्युत विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि जहां से खराब ट्रांसफार्मर की सूचना प्राप्त होती है वहां पर प्राथमिकता से ट्रांसफार्मर को रिप्लेस करने की कार्यवाही सुनिश्चित करें।
पेंशन प्रकरण की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आगामी माह में सेवानिवृत्त होने वाले अपने अधिकारी एवं कर्मचारियों की जानकारी प्राथमिकता से संभागीय पेंशन कार्यालय में ऑनलाइन भिजवाना सुनिश्चित करें ताकि समय रहते सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को पीपीओ और बकाया स्वत्वों का भुगतान सुनिश्चित किया जा सके। कमिश्नर ने लोक निर्माण विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, ब्रिज कॉरपोरेशन, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग के सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण अभी तक पेंशन कार्यालय न भिजवाने पर सख्त नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह शीघ्र ही सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की जानकारी पेंशन कार्यालय भिजवाना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने बैठक में समय सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। साथ ही उन्होंने सभी मंडी सचिवो को निर्देश दिए कि वह अपनी मंडी की जमीन को राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज कराना सुनिश्चित करें। संभागीय समय सीमा की बैठक में संयुक्त आयुक्त वीरेंद्र पटेल, उपायुक्त राजस्व एलएल अहिरवार, डिप्टी कमिश्नर दिव्या त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर राजस्व पीयूष भट्ट एवं सभी संबंधित संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


