
कलेक्टर ने पांच गांवों में स्वामित्व योजना के पट्टों का किया सत्यापन
आबादी भूमि के भू अधिकार पत्रों का ही होगा पंजीयन – कलेक्टर
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . जिले की सभी तहसीलों में स्वामित्व योजना के पात्र हितग्राहियों को दिए गए भू अधिकार पत्रों के नि:शुल्क पंजीयन का अभियान चलाया जा रहा है। ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर 30 अक्टूबर तक शत-प्रतिशत भू अधिकार पत्रों का पंजीयन किया जाएगा। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने गुढ़ और मनगवां तहसीलों के पाँच गांवों का भ्रमण करके स्वामित्व योजना के पट्टों का सत्यापन किया। कलेक्टर ने कहा कि आबादी भूमि के भू अधिकार पत्रों का ही पंजीयन होगा। तालाब की मेड़ के अथवा उसके अंदर जारी भू अधिकार पत्र मान्य नहीं होंगे। ड्रोन सर्वे में गलती करने वाले राजस्व अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने गुढ़ तहसील के ग्राम खड्डा के किनारे बनी बस्ती का निरीक्षण किया। इसमें तालाब के अंदर और मेड़ पर 30 घर बने पाए गए। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित एसडीएम को जारी पट्टों की जाँच करने तथा तालाब में अतिक्रमण करके बनाए गए मकानों को हटाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि बाढ़ से जिन घरों में नुकसान हुआ है उन सभी को मुआवजा राशि तत्काल प्रदान कर दें। रमेश कोल के घर में आगजनी की दुर्घटना से हुई हानि की राहत राशि तत्काल प्रदान करें। मुआवजा वितरण में देरी के संबंध में तहसीलदार गुढ़ और हल्का पटवारी को नोटिस देकर कार्रवाई करें। इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम चौड़ियार में तालाब के किनारे बनाई गई बस्ती का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने कहा कि निजी भूमि और सरकारी भूमि को सीमांकन कराकर पृथक करें। सीमांकन के समय तालाब और सरकारी जमीन का स्पष्ट उल्लेख करें। तालाब के अंदर जारी भू अधिकार पत्र मान्य नहीं होंगे।
इसके बाद कलेक्टर ने गुढ़ तहसील के ही बड़ागांव में तालाब के किनारे बने आवासों का निरीक्षण किया। इसमें 51 पट्टे जारी किए गए हैं। कलेक्टर ने इसे आबादी भूमि घोषित करते हुए 82 हितग्राहियों को भू अधिकार पत्र जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बड़ागांव में आमजनता की समस्याएं सुनी तथा अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर ने मनगवां तहसील के ग्राम सथिनी तालाब के किनारे बनी बस्ती का एक किलोमीटर पैदल चलकर निरीक्षण किया। यहाँ तालाब के किनारे जलग्रहण क्षेत्र में 1978 से सरकारी जमीन पर मकान बनाए गए हैं। तालाब के जल भराव के लिए पृथक से नाला बनाया गया है। इसमें बनाए गए 50 घरों को भू अधिकार पत्र जारी करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। आमजनता ने गांव तक आवागमन की सुविधा न होने की बात कही। कलेक्टर ने कहा कि खेतों की मेड़ में लगभग आठ फिट जगह उपलब्ध है। भूमिस्वामी सहमति देकर सड़क के लिए जमीन उपलब्ध करा दें। सथिनी से सथिनी तालाब तक सड़क निर्माण के लिए खनिज साधन मद से राशि दी जाएगी, जिससे बस्ती वासियों का आवागमन सुगम हो सके। बस्ती से बाईपास रोड के लिए भी जमीन उपलब्ध होने पर सड़क मंजूर कर दी जाएगी। इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम गुढ़वा में तालाब के किनारे बसी बस्ती का निरीक्षण किया। यहाँ 95 घ्ज्ञर बनाए गए हैं। बारिश में इन घरों में तालाब का पानी चढ़ जाता है। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित सरपंच को बस्ती में सड़क तथा अन्य सुविधाओं के लिए निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि यहाँ भू अधिकार पत्र दिया जाना उचित नहीं होगा। गांव में शासकीय भूमि उपलब्ध होने पर इस बस्ती का व्यवस्थापन कराया जाएगा।
कलेक्टर ने बुझवाई नरवाई की आग – मनगवां क्षेत्र का भ्रमण करते हुए ग्राम जोरौट में एक किसान खेत में नरवाई नष्ट करने के लिए आग लगा रहा था। कलेक्टर ने तत्काल गाड़ी से उतरकर किसान को आवाज लगाई। उन्होंने किसान से खेत में लगी नरवाई की आग बुझवाई। उन्होंने किसान को समझाइश देते हुए कहा कि नरवाई जलाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। नरवाई जलाना दण्डनीय अपराध है। यह पर्यावरण तथा खेत की मिट्टी दोनों के लिए हानिकर है। एसडीएम मनगवां किसान के विरूद्ध प्रकरण दर्ज कर समुचित कार्रवाई करें। निरीक्षण के समय एसडीएम गुढ़ सुधाकर सिंह, एसडीएम मनगवां संजय कुमार जैन, तहसीलदार तथा संबंधित हल्का पटवारी उपस्थित रहे।


