
इंजीनियरिंग महाविद्यालय रीवा में तीन दिवसीय टेकफेस्ट का शुभारंभ
स्मार्ट रीवा 2030 थीम पर एआई, क्लाउड कंप्यूटिंग एवं तकनीकी नवाचारों पर होगा मंथन
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा : रीवा इंजीनियरिंग कालेज के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा आई कंप्यूटेक्स टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड स्वीडन के सहयोग से 28 से 30 अक्तूबर तक तीन दिवसीय टेकफेस्ट एवं एआई वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की थीम स्मार्ट रीवा 2030 रखी गई है। इसके अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं, सुशासन एवं स्मार्ट सिटी विकास के क्षेत्रों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर केंद्रित नवाचारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित वर्कशाप के मुख्य अतिथि तकनीकी शिक्षा विभाग मध्यप्रदेश शासन के सचिव रघुराज एम. राजेंद्रन एवं अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.पी. तिवारी ने की। उद्घाटन सत्र में स्वीडन की कंपनी आई कंप्यूटेक्स टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड स्वीडन के चीफ टेक्निकल ऑफिसर पंकज मिश्रा एवं संस्थापक एवं सीईओ पुष्पेंद्र मिश्रा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव श्री राजेन्द्रन ने ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता करते कहा कि तकनीकी शिक्षा, उद्योगोन्मुख कौशल विकास एवं विद्यार्थियों में नवाचार को प्रोत्साहित करने की दिशा में आयोजित यह वर्कशॉप पूरे विधार्थियो के लिए उपयोगी रहेगी। स्वीडन से कई तकनीकी विशेषज्ञों ने ऑनलाइन जुड़कर विधार्थियो का मार्गदर्शन किया। उद्घाटन सत्र का प्रमुख आकर्षण स्वीडन से आए चीफ टेक्निकल ऑफिसर पंकज मिश्रा द्वारा व्यावसायिक विकास में कंप्यूटर साइंस इंजीनियर्स एवं सॉफ्टवेयर डेवलपर्स की भूमिका पर केंद्रित तकनीकी संवाद रहा। टेकफेस्ट की थीम स्मार्ट रीवा 2030 के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सुलभ एवं स्मार्ट समाधान, नागरिक-केंद्रित डिजिटल प्रशासन तथा बुद्धिमान शहरी अवसंरचना एवं बेहतर शहरी जीवन से संबंधित नवाचारों पर आधारित समाधान विकसित करने तथा अपने विचारों को प्रोटोटाइप, मॉडल या प्रूफ ऑफ कॉन्सेप्ट के रूप में प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
टेकफेस्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों के लिए आकर्षक पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 50 हजार रुपए के पुरस्कार के साथ प्लेसमेंट एवं इंटर्नशिप में प्राथमिकता, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 25 हजार रुपए के पुरस्कार के साथ इंटर्नशिप में प्राथमिकता तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 10 हजार रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। वर्कशॉप के संयोजक प्राध्यापक एवं ट्रेनिंग प्लेसमेंट अधिकारी डॉ यशवंत पुरी गोस्वामी ने वर्कशॉप के उद्देश्यों एवं लाभ से परिचित कराया। आभार प्रदर्शन अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. सन्दीप पाण्डेय ने किया। संचालन प्रो. रजनीश चतुर्वेदी द्वारा किया गया। उद्घाटन सत्र में कंप्यूटर साइंस विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. एके दोहरे, वर्कशॉप के सह समन्वयक प्रो मनोज चौहान, डीन अकादमिक डॉ. डीके जैन, डॉ. बीआर घोरमारे सहित विभिन्न प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
