
राष्ट्रीय एकता दिवस आज जिले में आयोजित विविध कार्यक्रम
शासकीय कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में दिलाई जाएगी राष्ट्रीय एकता की शपथ
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आज राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर जिला मुख्यालय में जिला प्रशासन द्वारा पुलिस बल तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के माध्यम से 3 से 5 किलोमीटर की रन फॉर यूनिटी का आयोजन प्रातः 8 बजे किया जाएगा। रन फॉर यूनिटी का आयोजन कलेक्ट्रेट परिसर से प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय शहीद केदारनाथ महाविद्यालय तक किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पुलिस बल, खिलाड़ियों, युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
शासकीय कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में दिलाई जाएगी शपथ
राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने के उद्देश्य से विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों, महाविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों और युवाओं के लिए निबंध, भाषण, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर, स्लोगन और लघु वीडियो प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के विषय एक भारत, श्रेष्ठ भारत और युवाओं की राष्ट्रीय एकता में भूमिका सहित अन्य प्रासंगिक विषय रखे जायेंगे।
कलेक्टर ने कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, आपातकालीन चिकित्सा, यातायात तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। आयोजन की प्रकृति के अनुसार संबंधित विभागों के जिला स्तरीय कार्यालयों को भी शामिल कर जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सेनानियों और शहीद सैनिकों के परिवारों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रमों में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गये हैं, ताकि राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा सके।



