
20 सूत्री की बैठक में जिले में पांच नए नगर पंचायत का गठन, दो नगर पंचायत का नगर परिषद में उत्क्रमण के प्रस्ताव को समिति द्वारा सर्वसम्मति से पास किया गया।
विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी : प्रभारी मंत्री
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सरकार की विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से सभी विभाग आपसी समन्वय एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें।
योजनाओं के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों, गुणवत्ता एवं स्वीकृत विशिष्टियों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराए जाएं।
उक्त बातें सुश्री श्रेयसी सिंह, माननीया मंत्री,उद्योग एवं खेल विभाग-सह-प्रभारी मंत्री, सीतामढ़ी ने समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में आयोजित बीस सूत्री कि बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर कोताही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, प्रतिबद्धता एवं संवेदनशीलता के साथ करें तथा यह सुनिश्चित करें कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचे।
बैठक के प्रारंभ में जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया द्वारा माननीया प्रभारी मंत्री, माननीय सांसद सीतामढ़ी श्री देवेश चंद्र ठाकुर को पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। वहीं उप विकास आयुक्त सहित अन्य वरीय अधिकारियों द्वारा उपस्थित माननीय जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया गया।
आज की बैठक में पांच नए नगर पंचायत:- परिहरपुर, सोनबरसा, रीगा,रुन्नीसैदपुर बाजपट्टी एवं दो नगर पंचायत सुरसंड और बेलसंड का नगर परिषद में उत्क्रमण का प्रस्ताव समिति द्वारा सर्वसम्मति से पास किया गया।
नल-जल योजना एवं पेयजल व्यवस्था की समीक्षा
बैठक में नल-जल योजना की विस्तृत समीक्षा की गई। माननीया मंत्री ने लंबित योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने तथा बंद अथवा प्रभावित योजनाओं को अविलंब चालू कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले में संचालित, पूर्ण एवं लंबित योजनाओं की अद्यतन सूची सभी माननीय जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कार्यपालक अभियंता पीएचईडी की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया ।साथ ही नल जल योजना से संबंधित उनके द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रतिवेदन की जांच कमेटी गठित कर जांच कराने का निर्देश दिया।
पीएचईडी को निर्देशित किया गया कि जहां नल-जल योजनाएं प्रभावित हैं, वहां तत्काल मरम्मत एवं पुनर्संचालन सुनिश्चित करें। साथ ही आमजन की शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए प्राप्त फोन कॉल एवं शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करें। जिलाधिकारी को निर्देश दिया गया कि पीएचईडी की पृथक समीक्षा कर लंबित योजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारना सुनिश्चित करें।
बैठक में माननीय जनप्रतिनिधियों द्वारा
विभिन्न सार्वजनिक एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर पुलिस पिकेट का निर्माण करने का सुझाव दिया गया।
माननीय मंत्री महोदया के द्वारा पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि महिलाओं तथा कम उम्र की लड़कियों के साथ घट रही घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण करने के मद्देनजर सघन जागरूकता अभियान चलाना सुनिश्चित किया जाए। शहर के विभिन्न विद्यालयों/महाविद्यालयों के पास सुरक्षा का माकूल प्रबंध करें। माननीय जनप्रतिनिधियों द्वारा किसानों के लिए कृषि फीडर की व्यवस्था, उससे संबंधित जले ट्रांसफर का तुरंत मरम्मती ,विद्युत पोल का सही जगह पर अधिष्ठापन /शिफ्टिंग इत्यादि को लेकर संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया।मंत्री महोदया ने शहर के विभिन्न हिस्सों में नाले निर्माण में हो रहे विलंब को लेकर नाराजगी प्रकट करते हुए नाला निर्माण के कार्य में गति लाने का निर्देश दिया।बैठक में सभी माननीय जनप्रतिनिधियों के द्वारा शहर में अतिक्रमण को लेकर सवाल उठाए गए जिस पर अध्यक्ष महोदया के द्वारा संबंधित विभाग को इस संबंध में उचित कदम उठाने का निर्देश दिया गया। बैठक में पुपरी एवं सुरसंड बाजार में जाम की समस्या तथा जल जमाव की समस्या की बात उठाई गई इसके निराकरण को लेकर संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए।
(शहरी क्षेत्रों में सफाई एवं जलजमाव पर विशेष जोर)
नगर निगम एवं विभिन्न नगर परिषद क्षेत्रों में साफ-सफाई की अपर्याप्त व्यवस्था का मुद्दा जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाया गया। इस पर माननीया मंत्री ने नगर आयुक्त एवं सभी नगर कार्यपालक पदाधिकारियों को नियमित साफ-सफाई, कचरा निष्पादन एवं जलनिकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया।
दिया गया। माननीय सांसद,सीतामढ़ी द्वारा भी नगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर जलजमाव की समस्या दूर करने तथा स्वच्छता व्यवस्था में सुधार लाने पर बल दिया गया।
(स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश)
बैठक में बुडको द्वारा क्रियान्वित स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना की समीक्षा की गई। कार्य में विलंब पर असंतोष व्यक्त करते हुए माननीया मंत्री ने योजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया ताकि शहरी क्षेत्रों में जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
(सड़क एवं संपर्क पथों की स्थिति सुधारने का निर्देश)
जनप्रतिनिधियों द्वारा जिले की विभिन्न सड़कों की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाए जाने पर माननीया मंत्री ने आरसीडी एवं आरडब्ल्यूडी के अभियंताओं को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि खराब सड़कों को शीघ्र दुरुस्त किया जाए, जहां आवश्यकता हो वहां एप्रोच रोड का निर्माण कराया जाए।
अन्य विभागों की समीक्षा
बैठक में कृषि, शिक्षा, कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, पशुपालन, मत्स्य, जीविका, लघु जल संसाधन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं उपलब्धियों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में माननीय सांसद श्री देवेश चंद्र ठाकुर ,माननीया सदस्य बिहार विधान सभा श्री रेखा कुमारी माननीय विधायक रुन्नीसैदपुर पंकज मिश्रा, माननीय विधायक सीतामढ़ी श्री सुनील कुमार पिंटू,माननीय विधायक परिहार श्रीमती गायत्री देवी ,माननीय विधायक सुरसंड प्रो नागेन्द्र राउत, माननीय विधायक रीगा श्री बैद्यनाथ प्रसाद, माननीय विधायक बेलसंड श्री अमित कुमार,20 सूत्री उपाध्यक्ष श्री मनीष कुमार गुप्ता एवं श्री सत्येंद्र सिंह कुशवाहा, विभिन्न प्रखंडों के प्रमुख एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा पुलिस अधीक्षक अमित रंजन,डीडीसी श्वेता भारती उपस्थित थे।


