प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत जनपद के 1.37 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में 8.93 करोड़ रुपये की सब्सिडी अंतरित
सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने 10 लाभार्थियों को चेक के माध्यम से वितरित की सब्सिडी की धनराशि
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा लोक भवन, लखनऊ से दीपावली के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्रदेश के 1.89 करोड़ पात्र परिवारों को ₹1500 करोड़ की धनराशि से निःशुल्क रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का वितरण किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में मा० सदर विधायक श्रीमती गुड़िया कठेरिया, जिलाधिकारी बृजेश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, मा० पूर्व राज्यमंत्री एवं दिबियापुर विधायक लाखन सिंह राजपूत, भाजपा जिला प्रभारी दिनेश बाजपेई, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार, अन्य जनप्रतिनिधियों तथा उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों की उपस्थिति में देखा एवं सुना गया।
इस अवसर पर सदर विधायक श्रीमती गुड़िया कठेरिया ने उपस्थित लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत निःशुल्क रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का लाभ प्रदान किया जाना माताओं एवं बहनों के जीवन को सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पहले पारंपरिक ईंधन से खाना बनाने के कारण महिलाओं को धुएं से होने वाली आंखों एवं सांस संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता था, लेकिन उज्ज्वला योजना के माध्यम से स्वच्छ ईंधन उपलब्ध होने से महिलाओं के स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना गरीब एवं वंचित परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने के साथ ही महिलाओं एवं बच्चों को पारंपरिक ईंधन से उत्पन्न स्वास्थ्य संबंधी खतरों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने मातृशक्ति के स्वास्थ्य एवं सशक्तीकरण पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और सशक्त समाज की आधारशिला है। जब महिलाएं स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर होंगी, तभी वे परिवार और समाज के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगी। उन्होंने कहा कि मा० प्रधानमंत्री जी एवं मा० मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली महत्वपूर्ण योजना है। इसके माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिलने के साथ ही स्वच्छ ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित हुई है। सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
पूर्व राज्यमंत्री एवं दिबियापुर विधायक लाखन सिंह राजपूत ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार गरीबों, महिलाओं, किसानों तथा समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को एलपीजी कनेक्शन एवं रिफिल सब्सिडी का लाभ प्रदान कर स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे महिलाओं के स्वास्थ्य की रक्षा के साथ ही उनके दैनिक जीवन को भी सुविधाजनक बनाया जा रहा है।
भाजपा जिला प्रभारी दिनेश बाजपेई ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना केंद्र एवं प्रदेश सरकार की ऐसी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है, जिसने गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य एवं सम्मान की रक्षा सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचे।
इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के कुल 1,37,613 लाभार्थियों के बैंक खातों में ₹8,93,10,837 की धनराशि रिफिल सब्सिडी के रूप में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई है। उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक श्रीमती गुड़िया कठेरिया द्वारा जनपद के प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 10 पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी की धनराशि चेक के माध्यम से वितरित की गई।



