बोगस दस्तावेजों के आधार पर SRA को गुमराह करने का आरोप, बिल्डर पर FIR की मांग को लेकर कल येरवड़ा में निकलेगा निषेध महामोर्चा
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे। येरवड़ा के जाधवनगर में प्रस्तावित झोपड़पट्टी पुनर्वसन (SRA) परियोजना को लेकर स्थानीय नागरिकों और अधिकृत झोपड़ीधारकों ने विरोध जताया है। नागरिकों का आरोप है कि संबंधित डेवलपर मे. पश्चिम बिल्डर्स ने स्थानीय लोगों की फर्जी सहमति प्राप्त कर तथा प्राधिकरण के समक्ष कथित रूप से जाली और फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत कर SRA प्राधिकरण को गुमराह किया है। इस मामले में बिल्डर के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग को लेकर बुधवार, 4 नवंबर 2026 को दोपहर 3 बजे गणेशखिंड रोड स्थित काकड़े मॉल के पास SRA कार्यालय पर भव्य निषेध महामोर्चा निकाला जाएगा।
यह महामोर्चा वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नगरसेवक एड. आयुबभाई शेख तथा रिपब्लिकन सोशलिस्ट पार्टी के राहुल डंबाले के नेतृत्व में निकाला जाएगा। रिपब्लिकन सोशलिस्ट पार्टी और SRA विरोधी कृती समिति, जाधवनगर की ओर से संयुक्त रूप से आंदोलन का आयोजन किया गया है।
जाधवनगर, येरवड़ा (सर्वे नंबर 150, 153ए तथा सीटी सर्वे नंबर 2762/23, 2762/24, 2762/26 और 2762/49) स्थित संपत्ति पर प्रशासन की ओर से 4 नवंबर को झोपड़ियों का सर्वेक्षण प्रस्तावित है। इसके लिए पुलिस बंदोबस्त भी मांगा गया है। हालांकि, स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पूरी परियोजना कथित फर्जी दस्तावेजों और गलत सहमतियों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है। इसे लेकर क्षेत्र के निवासियों में नाराजगी है।
इस संबंध में नागरिकों ने झोपड़पट्टी पुनर्वसन प्राधिकरण (SRA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और पुलिस उपायुक्त (परिमंडल-4) को विस्तृत पत्र देकर विवादित सर्वेक्षण तत्काल स्थगित करने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि जब तक कथित फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने वाले डेवलपर के खिलाफ FIR दर्ज नहीं होती और विवादित परियोजना रद्द नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
आयोजकों के अनुसार, महामोर्चे में 500 से अधिक महिला और पुरुष नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि कानून-व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए समय रहते उचित कदम उठाए जाएं।



