इटावाउत्तर प्रदेशप्रशासन

धनतेरस, दीपावली, भैया दूज एवं छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में केन्द्रीय शान्ति समिति की बैठक सम्पन्न

धनतेरस, दीपावली, भैया दूज एवं छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में केन्द्रीय शान्ति समिति की बैठक सम्पन्न

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान इटावा उत्तर प्रदेश 

इटावा -आगामी धनतेरस, दीपावली, भैया दूज एवं छठ पूजा सहित अन्य त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने तथा जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में केन्द्रीय शान्ति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संबंधित विभागों के अधिकारी, नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के थाना प्रभारी, गणमान्य नागरिक, धर्मगुरु एवं आयोजक उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी त्योहारों के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था, आतिशबाजी की दुकानों का संचालन, अग्निशमन प्रबंध, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं, अवैध शराब एवं जुआ की रोकथाम सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने आतिशबाजी की दुकानों के संचालन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आतिशबाजी की दुकानें निर्धारित मानकों एवं सुरक्षा नियमों के अनुरूप ही लगाई जाएं। दुकानों के बीच निर्धारित मानक के अनुसार पर्याप्त दूरी रखी जाए तथा दुकानें केवल टिनशेड में ही संचालित हों। दुकानों को तीनों तरफ से सुरक्षित रूप से कवर किया जाए, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। आतिशबाजी की दुकानें आबादी एवं रिहायशी क्षेत्रों से पर्याप्त दूरी पर लगाई जाएं।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक चौराहे एवं प्रमुख स्थानों पर पुलिस की ड्यूटी लगाई जाए तथा आतिशबाजी स्थलों पर अग्निशमन विभाग की गाड़ियां पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहें। आग से बचाव के लिए पानी, बालू एवं अन्य आवश्यक अग्निशमन संसाधनों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। सभी तैयारियां अनिवार्य रूप से समय से पूर्ण कर ली जाएं, जिससे किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आतिशबाजी की दुकानों के संचालन एवं भंडारण में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आतिशबाजी के भंडारण एवं बिक्री में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी स्थान पर अवैध रूप से आतिशबाजी का भंडारण न होने पाए। दुकानदारों के पास आतिशबाजी के भंडारण एवं बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस होना अनिवार्य है। बिना लाइसेंस आतिशबाजी का भंडारण अथवा बिक्री करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि आतिशबाजी की दुकानों पर सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए नियमित निगरानी रखें। दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी हो, वे निर्धारित टिनशेड में ही संचालित हों तथा रिहायशी क्षेत्रों से दूर हों। किसी भी प्रकार की लापरवाही से दुर्घटना न होने पाए। आतिशबाजी स्थलों पर संबंधित थाना प्रभारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने त्योहारों के दौरान अवैध शराब की बिक्री एवं जुआ जैसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। पुलिस को ऐसे स्थानों एवं व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया, जहां अवैध शराब की बिक्री अथवा जुआ संचालित होने की आशंका हो। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति घरों में भी समूह बनाकर जुआ खेलता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि दीपावली के अवसर पर बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इसके अतिरिक्त त्योहारों पर शहर से बड़ी संख्या में लोग अपने गांवों में भी आते-जाते हैं, जिससे सड़कों एवं प्रमुख बाजारों में भीड़ बढ़ जाती है। इसे देखते हुए यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने पुलिस एवं यातायात विभाग को निर्देश दिए कि प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। यातायात बाधित न हो तथा आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। आवश्यकता के अनुसार यातायात प्रबंधन एवं डायवर्जन की व्यवस्था की जाए। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से संचालित रखे जाएं तथा उनकी नियमित निगरानी की जाए।

जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद को निर्देशित किया कि शहरी क्षेत्रों में प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों, चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाकर समय से सफाई सुनिश्चित की जाए। त्योहारों के दौरान कहीं भी कूड़ा-कचरा एवं गंदगी एकत्रित न होने पाए।

ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों में विशेष सफाई अभियान चलाने के लिए टीमें गठित कर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। प्रमुख मार्गों, गांवों के सार्वजनिक स्थलों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर लें। विद्युत लाइनों, ढीले एवं जर्जर तारों तथा अन्य विद्युत उपकरणों की जांच कर आवश्यक मरम्मत करा ली जाए, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

उन्होंने अग्निशमन विभाग को निर्देश दिए कि आतिशबाजी स्थलों एवं प्रमुख बाजारों में अग्निशमन वाहनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। पानी, बालू एवं अन्य आवश्यक अग्निशमन संसाधन उपलब्ध रहें, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं एवं आपातकालीन व्यवस्थाएं सक्रिय रखी जाएं। अस्पतालों में आवश्यक दवाओं, चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। किसी भी आकस्मिक दुर्घटना अथवा आपातकालीन स्थिति में घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रबंध पहले से कर लिए जाएं।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग एवं नगर पालिका के अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों से पूर्व प्रमुख सड़कों एवं बाजारों में जहां भी गड्ढे हैं, उन्हें समय से ठीक कराकर सड़कें गड्ढामुक्त की जाएं। विशेष रूप से प्रमुख बाजारों एवं अधिक आवागमन वाले मार्गों पर सड़क मरम्मत का कार्य दीपावली से पहले पूर्ण कराया जाए, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी न हो और किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।

जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती जाए। प्रमुख बाजारों, चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखा जाए। पुलिस अधिकारी एवं थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध तत्काल प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आगामी त्योहारों को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करने, गणमान्य नागरिकों एवं धर्मगुरुओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, एस0पी सिटी बबिता सिंह, एस0पी ग्रामीण, सिटी मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी सहित संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शांति समिति के सदस्य, धर्मगुरु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button