उत्तर प्रदेशयात्रालखनऊ

छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने कुड़िया घाट का किया स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने कुड़िया घाट का किया स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

 

घाटों की स्वच्छता, सुंदर चित्रकारी और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था पर विशेष जोर, श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान:लखनऊ, उत्तर प्रदेश 

 

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने आगामी छठ महापर्व के दृष्टिगत लखनऊ के कुड़िया घाट पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा से पूर्व सभी आवश्यक कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरे कर लिए जाएं, जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अद्भुत पर्व है। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीम घाटों की स्वच्छता, सुंदर चित्रकारी और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था को भव्य स्वरूप देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमारा प्रयास है कि घाटों पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर से बेहतर सुविधाएं मिलें और वे पूरी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ छठ महापर्व मना सकें।

 

निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने शिव मंदिर घाट से मुख्य सड़क तक बनाए जा रहे रास्ते का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस मार्ग का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर यथाशीघ्र पूरा किया जाए, ताकि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने मार्ग निर्माण में गुणवत्ता और सुगमता का विशेष ध्यान रखने को भी कहा।

 

मंत्री श्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुगम आवागमन, सुरक्षा और अन्य आवश्यक जनसुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं पर्व से पहले पूरी कर ली जाएं।

 

इस अवसर पर नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त श्री पंकज कुमार सहित नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button