
आगामी त्योहारों के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक औरैया द्वारा भारी पुलिस बल के साथ थाना बिधूना क्षेत्रान्तर्गत पैदल गश्त की गई , सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया में आज दिनांक 10.11.2026 को त्योहार गोवर्धन पूजा, भाई दूज एवं आगामी छठ पूजा के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक औरैया, अपर पुलिस अधीक्षक औरैया एवं क्षेत्राधिकारी बिधूना द्वारा भारी पुलिस बल के साथ थाना बिधूना क्षेत्रान्तर्गत प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों द्वारा आमजन की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति का अवलोकन किया गया। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने, निरंतर भ्रमणशील रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान स्थानीय व्यापारियों एवं आमजन से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया गया तथा आगामी त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का अनुरोध किया गया।


