
कमिश्नर एवं कलेक्टर ने विभिन्न शासकीय संस्थाओं का किया निरीक्षण
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान कमिश्नर रीवा संभाग शीलेन्द्र सिंह एवं कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने ढेरा क्षेत्र की विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थाओं में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सृष्टि देशमुख उपस्थित रहीं।
कमिश्नर श्री सिंह ने शासकीय माध्यमिक शाला रतनगवां में विद्यार्थियों से शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली तथा उनसे पाठ पढ़वाकर अध्ययन स्तर का अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षकों को शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री ओगरे ने शासकीय माध्यमिक शाला रतनगवां के कक्षा 1 में कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों से अंग्रेजी का उच्चारण सुना तथा विषय शिक्षक को विद्यार्थियों के उच्चारण में सुधार के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने की समझाइश भी दी। अधिकारियों ने छात्रावासों का निरीक्षण कर स्वच्छता, पेयजल, भोजन की गुणवत्ता एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ढेरा के निरीक्षण के दौरान दवाओं के रखरखाव में अनियमितता पाए जाने पर कमिश्नर ने संबंधित फार्मासिस्ट की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिदिन उपचार के लिए आने वाले मरीजों की जानकारी प्राप्त की तथा चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग से समन्वय स्थापित कर अनमोल पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं की प्रविष्टि सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उचित मूल्य दुकान पथरहा के निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने सेल्समैन को खाद्यान्न का व्यवस्थित रखरखाव करने तथा वितरण व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्राम जमुहरा भाग-1 में जल संरक्षण कार्यों और नल-जल योजना से जल प्रदाय की स्थिति का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीएम मऊगंज श्रीमती रश्मि चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



