
शुरुआती चरण के टाइप 2 डायबिटीज के प्रबंधन में भारतीय आहार पद्धति का सकारात्मक प्रभाव
पुणे स्थित चेलाराम डायबिटीज इंस्टीट्यूट और छत्रपति संभाजीनगर स्थित डॉ. काळे डायबिटीज एंड साइकियाट्री क्लिनिक का संयुक्त अध्ययन
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे, : शुरुआती चरण के टाइप 2 डायबिटीज के प्रबंधन में पारंपरिक भारतीय आहार पद्धति और नियमित शारीरिक व्यायाम प्रभावी साबित हो सकते हैं. एक अध्ययन में यह बात सामने आई है. पुणे स्थित चेलाराम डायबिटीज इंस्टीट्यूट और छत्रपति संभाजीनगर स्थित डॉ. काळे डायबिटीज एंड साइकियाट्री क्लिनिक द्वारा संयुक्त रूप से किए गए इस अध्ययन में पाया गया कि छह महीने के आहार और जीवनशैली संबंधी हस्तक्षेप के बाद शुरुआती चरण के टाइप 2 डायबिटीज से पीड़ित 60.9 प्रतिशत वयस्कों में डायबिटीज रेमिशन (विशिष्ट निर्धारित अवधि तक दवाओं के बिना रक्त शर्करा का नियंत्रण) की स्थिति प्राप्त हुई.
यह अध्ययन अंतरराष्ट्रीय मेडिकल जर्नल डायबिटीज एंड मेटाबॉलिक सिंड्रोम : क्लिनिकल रिसर्च एंड रिव्यूज (एल्सेवियर, 2026) में प्रकाशित हुआ है. इस अध्ययन में ऐसे 87 वयस्कों को शामिल किया गया था, जिन्हें दो वर्ष या उससे कम समय से टाइप 2 डायबिटीज था.
अध्ययन में शामिल प्रतिभागियों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध और स्वास्थ्यवर्धक मध्यम कार्बोहाइड्रेट युक्त आहार (लोकल हेल्दी मॉडरेट कार्बोहाइड्रेट – एलएचएमसी) अपनाने की सलाह दी गई. इसमें मल्टीग्रेन रोटियां, दालें, अंकुरित अनाज, हरी पत्तेदार सब्जियां, सूखे मेवे और फल जैसे रोजमर्रा के भारतीय खाद्य पदार्थ शामिल थे. प्रत्येक खाद्य पदार्थ की मात्रा निर्धारित की गई थी, ताकि आहार में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन और स्निग्ध पदार्थ का संतुलन बना रहे. इसके साथ ही प्रतिभागियों को प्रतिदिन 40 मिनट पैदल चलने और 10 मिनट गहरी सांस लेने के व्यायाम करने की सलाह दी गई.
छह महीने बाद पाया गया कि 87 में से 53 प्रतिभागियों (60.9 प्रतिशत) ने रक्त शर्करा नियंत्रित करने वाली किसी भी दवा के बिना डायबिटीज रेमिशन की स्थिति प्राप्त की. प्रतिभागियों के वजन में औसतन 4.67 किलोग्राम की कमी आई, जबकि औसत एचबीए1सी स्तर 7.32 प्रतिशत से घटकर 6.27 प्रतिशत हो गया. इससे रक्त शर्करा नियंत्रण में सुधार होने का संकेत मिला.
इस अध्ययन का एक अन्य महत्वपूर्ण निष्कर्ष नियमित शारीरिक गतिविधि और डायबिटीज रेमिशन के बीच संबंध था. निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कम से कम 80 प्रतिशत दिनों तक पैदल चलने का व्यायाम करने वाले लोगों में अन्य प्रतिभागियों की तुलना में रेमिशन प्राप्त करने की समायोजित संभावना 8.24 गुना अधिक पाई गई.
यह अध्ययन दर्शाता है कि शुरुआती चरण के टाइप 2 डायबिटीज के प्रबंधन के लिए व्यावहारिक, किफायती और भारतीय खानपान संस्कृति के अनुरूप आहार एवं जीवनशैली में बदलाव उपयोगी हो सकते हैं.
चेलाराम हॉस्पिटल डायबेटिस केअर अँड मल्टिस्पेशालिटी की क्लिनिकल सर्विसेज विभाग प्रमुख डॉ. वेदवती पुरंदरे ने कहा, “इस अध्ययन में शामिल मरीजों को किसी विशेष प्रकार का भोजन खाने, भोजन छोड़ने या निर्धारित समय तक भूखे रहने की आवश्यकता नहीं पड़ी. उन्होंने अपने परिवार में नियमित रूप से बनने वाला पारंपरिक भारतीय भोजन ही उचित मात्रा में लिया और प्रतिदिन पैदल चलने का व्यायाम किया. दस में से छह मरीजों ने डायबिटीज रेमिशन की स्थिति प्राप्त की. नियमित रूप से पैदल चलने वाले लोगों में इसके परिणाम और बेहतर दिखाई दिए”
चेलाराम हॉस्पिटल डायबेटिस केअर अँड मल्टिस्पेशालिटी हॉस्पिटल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं एंडोक्राइनोलॉजिस्ट डॉ. ए. जी. उन्नीकृष्णन ने कहा, “लंबे समय से यह धारणा रही है कि एक बार डायबिटीज होने पर यह केवल बढ़ता ही जाता है. हालांकि, शुरुआती चरण में निदान होने पर उचित भारतीय आहार और जीवनशैली में बदलाव के माध्यम से डायबिटीज को रेमिशन की स्थिति में लाना संभव हो सकता है. प्रत्येक मरीज को अत्यधिक प्रतिबंधात्मक आहार देने की आवश्यकता नहीं होती. मरीज की जरूरतों के अनुसार उपचार और आहार की योजना बनाई जा सकती है. हालांकि, इन निष्कर्षों की पुष्टि के लिए बड़े स्तर पर नियंत्रित अध्ययन आवश्यक हैं. मरीजों को डॉक्टर की सलाह के बिना अपनी दवाएं बंद नहीं करनी चाहिए और न ही उपचार पद्धति में बदलाव करना चाहिए.”
अध्ययन की शोधकर्ता डॉ. मयूरा काळे ने कहा, “यह अध्ययन दो अलग-अलग शहरों में किए जाने के कारण इसके निष्कर्ष केवल एक क्लिनिक तक सीमित नहीं रहे, बल्कि विभिन्न पृष्ठभूमि के लोगों में इस आहार पद्धति के प्रभाव का आकलन किया जा सका. प्रतिभागियों ने रोटी, दाल, अंकुरित अनाज और सब्जियों जैसे सामान्य घरेलू खाद्य पदार्थों का ही उचित मात्रा में सेवन किया. आहार संबंधी रिकॉर्ड, भोजन की तस्वीरों और नियमित टेलीफोन संपर्क के माध्यम से उनके आहार की निगरानी की गई. यह देखा गया कि छह महीने तक इस पद्धति का लगातार पालन करना संभव है. विशेष रूप से यह पाया गया कि प्रतिदिन व्यायाम करने वाले लोगों में रेमिशन प्राप्त करने की दर अधिक थी. डायबिटीज से पीड़ित किसी भी शहर के व्यक्ति के लिए यह एक महत्वपूर्ण और व्यावहारिक संदेश है.”
चेलाराम डायबिटीज रिसर्च सेंटर की प्रमुख शोध सदस्य डॉ. शाल्भा तिवारी ने कहा, “एक शोधकर्ता के रूप में यह समझना महत्वपूर्ण है कि जीवनशैली में इन बदलावों से शरीर में वास्तव में क्या परिवर्तन होते हैं. इस अध्ययन में इंसुलिन प्रतिरोध में कमी, ट्राइग्लिसराइड्स और लिवर से संबंधित एंजाइम के स्तर में गिरावट देखी गई. इसके अलावा, निरंतर ग्लूकोज मॉनिटरिंग (सीजीएम) के माध्यम से यह पाया गया कि डायबिटीज की दवाएं लिए बिना भी रक्त शर्करा लंबे समय तक सामान्य सीमा में रही. इससे संकेत मिलता है कि शरीर की अपनी रक्त शर्करा नियंत्रित करने की क्षमता में सुधार हो रहा है. अध्ययन में शामिल सभी प्रतिभागियों, यहां तक कि बाद में अध्ययन छोड़ने वाले लोगों को भी विश्लेषण में शामिल किया गया. कुल 87 प्रतिभागियों में से 53 यानी 60.9 प्रतिशत में रेमिशन पाया गया. चूंकि यह अध्ययन एक ही समूह पर किया गया था, इसलिए अगले चरण में रैंडमाइज्ड कंट्रोल्ड ट्रायल की आवश्यकता है. अनाज, दालें, सब्जियां और सूखे मेवों से युक्त मुख्य रूप से प्लांट बेस्ड आहार मानव स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण के लिए भी लाभदायक हो सकता है. चेलाराम फाउंडेशन इस तरह के शोध को प्रोत्साहन देता है.”
अध्ययन की प्रमुख विशेषताएं
* पुणे स्थित चेलाराम डायबिटीज इंस्टीट्यूट और छत्रपति संभाजीनगर स्थित डॉ. काळे के क्लिनिक में दो वर्ष या उससे कम समय से टाइप 2 डायबिटीज से पीड़ित 87 वयस्कों को अध्ययन में शामिल किया गया.
* चिकित्सकीय निगरानी में पहले दिन से ही डायबिटीज की दवाएं बंद कर दी गईं.
* प्रतिदिन लगभग 1200 किलो कैलोरी ऊर्जा वाला घरेलू आहार दिया गया. इसमें मल्टीग्रेन रोटियां, दालें, अंकुरित अनाज, सब्जियां, सूखे मेवे और फल शामिल थे.
* आहार में ऊर्जा का अनुपात : कार्बोहाइड्रेट 44 से 46 प्रतिशत, प्रोटीन 25 से 30 प्रतिशत और वसा 25 से 30 प्रतिशत.
* प्रतिदिन 40 मिनट पैदल चलना और 10 मिनट गहरी सांस लेने के व्यायाम.
* अध्ययन की शुरुआत और अंत में निरंतर ग्लूकोज मॉनिटरिंग प्रणाली (सीजीएम) के माध्यम से रक्त शर्करा की जांच.
छह महीने बाद के निष्कर्ष
निष्कर्ष
डायबिटीज रेमिशन (सभी डायबिटीज दवाओं के बिना)
87 में से 53 व्यक्ति (60.9%); अध्ययन पूरा करने वालों में 61.3%
वजन में कमी
औसतन 4.7 किलोग्राम
एचबीए1सी स्तर
7.32% से घटकर 6.27% (56.5 से 45.0 mmol/mol)
80% या उससे अधिक दिनों तक पैदल चलना
रेमिशन प्राप्त करने की संभावना 8.24 गुना अधिक (P = 0.004)
सीजीएम के अनुसार सामान्य रक्त शर्करा सीमा में रहने का समय
रेमिशन प्राप्त करने वालों में 90.7%, जबकि रेमिशन नहीं प्राप्त करने वालों में 85.5% (P = 0.040)
अतिरिक्त दवाओं की आवश्यकता 87 में से 3 व्यक्तियों को; कोई गंभीर प्रतिकूल घटना दर्ज नहीं हुई


