
समाजसेवा या प्रचार का माध्यम? मिठाई के डिब्बे के साथ फोटो शूट पर भी उठे सवाल
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान महाराष्ट्र , उत्तर प्रदेश
पुणे /इटावा : दिवाली के अवसर पर सफाईकर्मियों, स्वास्थ्य कर्मचारियों और रिक्शा चालकों को मिठाई एवं उपहार वितरित करना निश्चित रूप से अच्छी पहल है। लेकिन इस तरह के आयोजनों के साथ बड़े पैमाने पर फोटो शूट और मीडिया में प्रचार को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
सवाल यह है कि क्या मेहनतकश कर्मचारियों के सम्मान का उद्देश्य केवल मिठाई का डिब्बा देना और उसके बाद तस्वीरों के माध्यम से अपनी उपलब्धियों का प्रचार करना है? क्या सम्मान देने के लिए लाभार्थियों की तस्वीरें खिंचवाना और मीडिया में खबरें प्रकाशित करवाना जरूरी है?
एक दूसरा महत्वपूर्ण सवाल मीडिया के साथ व्यवहार को लेकर भी है। सालभर सामाजिक कार्यक्रमों और आयोजनों की खबरों के माध्यम से प्रचार-प्रसार की अपेक्षा की जाती है, लेकिन जब विज्ञापन देने की बात आती है तो कभी आर्थिक तंगी, कभी सूखे और कभी अन्य कारणों का हवाला दिया जाता है।
आखिर मीडिया से मुफ्त प्रचार की अपेक्षा क्यों? क्या मीडिया संस्थानों की मेहनत, कर्मचारियों और संसाधनों की कोई कीमत नहीं है?
समाजसेवा सराहनीय है, लेकिन उसके नाम पर प्रचार और मीडिया से एकतरफा सहयोग की अपेक्षा पर स्वस्थ चर्चा जरूरी है। सम्मान का वास्तविक अर्थ लाभार्थियों का स्वाभिमान बनाए रखना भी है।


