मध्य प्रदेशप्रशासनरियल स्टेट

देश की आजादी के संघर्ष में आदिवासी वीरों का योगदान अतुलनीय है – उप मुख्यमंत्री 

देश की आजादी के संघर्ष में आदिवासी वीरों का योगदान अतुलनीय है – उप मुख्यमंत्री 

बिरसा मुण्डा ने प्रकृति के संरक्षण और देश की आजादी के लिए बलिदान दिया – उप मुख्यमंत्री  

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान रीवा मध्य प्रदेश 

  रीवा . जिले भर में भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई गई। रीवा में कोल भवन में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने जनजातीय गौरव दिवस का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी के संघर्ष में आदिवासी वीरों का योगदान अतुलनीय है। भगवान बिरसा मुण्डा ने जनजातीय समाज की संस्कृति और प्रकृति के संरक्षण के लिए कड़ा संघर्ष किया। अंग्रेजों के अत्याचारों का विरोध करते हुए भगवान बिरसा मुण्डा ने हजारों आदिवासियों को संगठित करके खुला विद्रोह किया। उन्होंने अंग्रेजों से संघर्ष करते हुए अपने प्राणों का बलिदान किया। उनके कार्यों की महानता ही है कि आज पूरा देश उनको नमन कर रहा है।

 

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जनजातियों के कल्याण के लिए अनेक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इन योजनाओं का लाभ लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा अधोसरंचना विकास में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार भारत में 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गए हैं। इनमें बहुत बड़ी संख्या आदिवासी भाईयों की है। प्रधानमंत्री जनमन योजना, धरती आबा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान योजना तथा इन विकास योजनाओं का लाभ आदिवासी परिवारों को लगातार मिल रहा है। प्रधानमंत्री जी ने 2047 तक भारत को विकसित बनाने का संकल्प लिया है। नई पीढ़ी को अच्छे संस्कार देकर तथा नशे से दूर रखकर ही इस संकल्प को हम पूरा कर पाएंगे। रीवा में कोल भवन का निर्माण किया गया है। इमें नियमित रूप से कार्यक्रम आयोजित करें।

 

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल ने कहा कि उप मुख्यमंत्री जी ने कोल भवन का निर्माण कराकर तथा त्योंथर की कोलगढ़ी का जीर्णोद्धार कराकर कोल समाज का बड़ा उपकार किया है। कोल भवन में प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाए। समारोह में विधायक मनगवां श्री नरेन्द्र प्रजापति ने कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा ने अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों तथा धर्म परिवर्तन के प्रयासों का कड़ा प्रतिकार किया। उनका संघर्ष हम सबको आज भी प्रेरणा देता है। उनके जन्मदिन को हर वर्ष जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। समारोह में जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा की 151वीं जयंती पर देश उनको नमन कर रहा है। सरकार आदिवासी भाईयों के कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जनजातीय गौरव दिवस हमें भगवान बिरसा मुण्डा के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है।

 

समारोह में उप मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज के श्री सोमेश्वर, श्री तुलसीदास, डॉ. सीएल रावत, श्री फूलचंद्र कोल, श्रीमती ज्योति कोल तथा श्री भुअर कोल को शॉल-श्रीफल देकर सम्मानित किया। समारोह में कन्या शिक्षा परिसर तथा कन्या छात्रावास की छात्राओं ने रोचक मनोरंजक और प्रेरक लोकगीत तथा लोकनृत्य प्रस्तुत किए। समारोह में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा, जिला संयोजक ट्राईबल केके पाण्डेय, श्रीमती रूचि तिवारी, अन्य अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में आदिवासी भाई एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button