इटावाउत्तर प्रदेशप्रशासन

इटावा में संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों को लेकर अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

इटावा में संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों को लेकर अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

 

जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों को क्षेत्रीय भ्रमण कर संवेदनशीलता का आकलन करने के दिए निर्देश

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान इटावा उत्तर प्रदेश 

इटावा, विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में वनरेबल एवं क्रिटिकल मतदेय स्थलों के संबंध में सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा सेक्टर पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर संवेदनशीलता और निर्वाचन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को पहले से ही क्षेत्र की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों की जानकारी होनी चाहिए। प्रत्येक सेक्टर में लगभग 10 से 12 मतदान केंद्र शामिल होते हैं। इसलिए सभी अधिकारी अपने क्षेत्र के प्रत्येक मतदान केंद्र और उसके आसपास के इलाकों का निरीक्षण करें।

 

उन्होंने बताया कि वल्नरेबिलिटी मैपिंग के तहत ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाती है, जिन्हें किसी व्यक्ति या समूह द्वारा डराने-धमकाने, प्रलोभन देने अथवा मतदान से रोकने का प्रयास किया जा सकता है। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों को भी चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर पुलिस अधिकारी संबंधित थानों में बैठक कर स्थानीय पुलिस से जानकारी प्राप्त करें और आपसी समन्वय से वीएम-1, वीएम-2 एवं वीएम-3 प्रारूप तैयार करें। उन्होंने प्रशिक्षण सामग्री एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करने पर भी जोर दिया। चुनाव की घोषणा के तीन दिन के भीतर सभी निर्धारित प्रारूप जमा कराना सुनिश्चित किया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता को बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए। निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

 

बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी बिपिन कुमार, एसपी सिटी बबिता सिंह, एसपी ग्रामीण, उपजिलाधिकारी सदर सहित संबंधित अधिकारी, समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button