
’’पी.बी.आर.पी. इण्टर कॉलेज दिबियापुर में ‘राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस’ के जनपदीय आयोजन का भव्य शुभारंभ, बाल वैज्ञानिकों ने दिखाया नवाचार का दम’’
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार) द्वारा प्रायोजित एवं जिला आयोजन समिति के तत्वावधान में पी.बी.आर.पी. इण्टर कॉलेज, दिबियापुर में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जनपदीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता के रूप में जिलाधिकारी बृजेश कुमार उपस्थित रहे। प्रातः 10ः00 बजे से अपराह्न 3ः00 बजे तक चले इस आयोजन में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के बाल वैज्ञानिकों ने अपने शोध पत्र और विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने बच्चों की वैज्ञानिक सोच की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज के ये नन्हे बाल वैज्ञानिक ही कल के विकसित भारत के निर्माता हैं। विज्ञान केवल किताबों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका उपयोग समाज की व्यावहारिक समस्याओं के समाधान और पर्यावरण संरक्षण के लिए होना चाहिए। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस जैसे मंच बच्चों में तार्किक शक्ति, जिज्ञासा और नवाचार की भावना को जागृत करते हैं। उन्होंने शिक्षकों से भी आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को रटने की प्रवृत्ति से हटाकर प्रयोग और अनुसंधान के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण और शहरी परिवेश की स्थानीय समस्याओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझकर उनका सरल समाधान खोजना ही सच्चा नवाचार है। बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रोजेक्ट्स यह दर्शाते हैं कि हमारे जनपद में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। प्रशासन का पूरा प्रयास है कि इन बाल वैज्ञानिकों को हर संभव संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए ताकि वे प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर जनपद औरैया का नाम रोशन कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, मार्गदर्शक शिक्षकों, विज्ञान क्लब के सदस्यों और गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बाल वैज्ञानिकों ने पर्यावरण, स्वास्थ्य, ऊर्जा संरक्षण और सतत विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने शोध प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए, जिनका निर्णायक मंडल द्वारा गहन मूल्यांकन किया गया। कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बाल वैज्ञानिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और राज्य स्तर के लिए चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक कमलेश पाण्डेय सहित प्रधानाचार्य व शिक्षक, छात्र -छात्राएं आदि उपस्थित रहे।



