उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

सड़क सुरक्षा पखवाड़े का जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ।

सड़क सुरक्षा पखवाड़े का जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ।

 

16 से 30 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से वाहन चालकों, विद्यार्थियों एवं आमजन को किया जाएगा जागरूक।

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया,। शासन के निर्देशों के क्रम में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज कार्यालय उप संभागीय परिवहन अधिकारी, ककोर में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। दिनांक 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित होने वाले इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से वाहन चालकों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक के जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। यातायात नियमों का पालन करके अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, जिससे न केवल जनहानि होती है, बल्कि परिवारों को आर्थिक एवं मानसिक क्षति भी उठानी पड़ती है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। वाहन चालक सड़क पर चलते समय अपनी सुरक्षा के साथ-साथ दूसरे राहगीरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। तेज गति, गलत दिशा में वाहन चलाना, बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट के वाहन चलाना और यातायात संकेतों की अनदेखी दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने तथा पुलिस एवं यातायात विभाग द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान में सहयोग करने की अपील की।

एआरटीओ (प्रशासन/प्रवर्तन) एनसी शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दौरान परिवहन विभाग द्वारा विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें वाहन चालकों को यातायात नियमों, सड़क संकेतों, सुरक्षित ड्राइविंग, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग तथा वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। सभी नागरिक स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की तथा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यार्थियों को बताया गया कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन एवं परिवहन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। जागरूकता और जिम्मेदार व्यवहार अपनाकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती, एआरटीओ (प्रशासन/प्रवर्तन) एनसी शर्मा, क्षेत्राधिकारी यातायात प्रभारी अख्तर हुसैन, पीटीओ मानवेंद्र प्रताप सिंह, रोडवेज एआरएम अपर्णा मीनाक्षी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button