
नशा मुक्त बिहार अभियान: जागरूकता का संदेश लेकर प्रखंडों की ओर रवाना हुईं नुक्कड़ नाटक की पांच टीमें
जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, जिले के 170 चिन्हित स्थलों पर होगा जागरूकता कार्यक्रम
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी। राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में संचालित नशा मुक्त बिहार अभियान के तहत जिले में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, सीतामढ़ी के तत्वावधान में नुक्कड़ नाटक की पांच टीमों को जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने हरी झंडी दिखाकर विभिन्न प्रखंडों के लिए रवाना किया।
उल्लेखनीय है कि अभियान के तहत रवाना की गई सभी पांचों टीमें सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से निबंधित हैं। इन टीमों द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों में कुल 170 चिन्हित स्थलों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश दिया जाएगा। इसके लिए महादलित टोलों, सरकारी विद्यालयों एवं अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों का चयन किया गया है। विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों के महादलित टोलों, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन पर विशेष जोर दिया गया है।

नुक्कड़ नाटक की टीमों द्वारा नाटक, गीत-संगीत एवं संवाद के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों, इसके सामाजिक एवं पारिवारिक प्रभावों तथा नशामुक्त जीवन के महत्व को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना तथा लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प आवश्यक है। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार की खुशहाली और समाज की प्रगति को प्रभावित करता है। नुक्कड़ नाटक जैसे जनसंचार के प्रभावी माध्यमों से लोगों तक सहज और सरल भाषा में संदेश पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, गांव और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

जिला प्रशासन द्वारा अभियान के तहत विभिन्न माध्यमों से जागरूकता गतिविधियों को निरंतर गति दी जा रही है, ताकि नशामुक्त बिहार के संकल्प को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।
मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री कमल सिंह उपस्थित थे।



