
कलेक्टर ने किया सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण,
निर्माणाधीन कार्यों का किया निरीक्षण, साफ-सफाई और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
मऊगंज. कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने सिविल अस्पताल मऊगंज का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं तथा अस्पताल परिसर में संचालित निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन अस्पताल का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में समुचित सफाई न पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल साफ – सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर पी.के. पांडेय, तहसीलदार मऊगंज वी.के. पटेल सहित चिकित्सक एवं निर्माण एजेंसी के अधिकारी उपस्थित रहे।

