
एचआईवी पीड़ित व्यक्तियों को मिलेगा शासन की योजनाओं का लाभ
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय के मेडिसिन विभाग अंतर्गत संचालित एआरटी केन्द्र में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से गत दिवस शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नई दिल्ली) तथा मध्य प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति (भोपाल) के निर्देशानुसार अधिष्ठाता डॉ. शशिधर प्रसाद गर्ग के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता एआरटी केन्द्र के नोडल अधिकारी डॉ. हरिओम गुप्ता ने की, जबकि संचालन चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीएल मिश्रा द्वारा किया गया। शिविर के दौरान एचआईवी संक्रमित महिलाओं, पुरुषों, बच्चों, पीएलएचआईवी के साथ रह रहे व्यक्तियों तथा उच्च जोखिम समूह के परिवारों को मध्यप्रदेश शासन के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी और लाभ दिलाने पर चर्चा की गई। शिविर में अधिष्ठाता डॉ. शशिधर प्रसाद गर्ग ने कहा कि अस्पताल में मरीजों को सभी आवश्यक जांच और आवश्यक दवाइयों का लाभ निःशुल्क दिया जाता है। उन्होंने इन मरीजों के लिए निःशुल्क पर्ची के संबंध में शासन को पत्र लिखने का आश्वासन दिया तथा ओपीडी भवन के व्याख्यान कक्ष के नवीनीकरण की बात भी कही। साथ ही, उन्होंने एआरटी केन्द्र रीवा के पेपरलेस होने और रोगियों को दी जा रही उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना की। चिकित्सा अधिकारी डॉ. मिश्रा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने को लेकर विमर्श किया। शिविर में विभिन्न विभागों और परियोजनाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर मरीजों को शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। शिविर में एआरटी केन्द्र के नोडल अधिकारी ने हितग्राहियों से उपलब्ध योजनाओं का लाभ लेने और जागरूक रहने की अपील की। जिला नोडल अधिकारी डॉ. अनुराग शर्मा ने पीएलएचआईवी को अधिकारों के प्रदाय को लेकर विस्तृत चर्चा की। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी व प्रतिनिधि शामिल रहे।
