मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा,। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिले में 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि विशेष अभियान दिवस पर जिले के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे और मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। इस दौरान मतदाता अपने नाम को मतदाता सूची में शामिल कराने, संशोधन कराने अथवा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए संबंधित बूथ पर पहुंच सकते हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जिन सरकारी भवनों में मतदान केंद्र स्थापित हैं, उन्हें समय से खुलवाया जाए। साथ ही सुपरवाइजर, बीएलओ और मतदाताओं के बैठने के लिए पर्याप्त फर्नीचर, पेयजल तथा स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था की जाए। विशेष रूप से महिला मतदान अधिकारियों के लिए भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया है।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कराई जाएं, ताकि विशेष अभियान दिवस पर मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

